पनीर एक सब्जी है जो लगभग सभी को पसंद होती है। जिसका उपयोग लोग कई प्रकार से करते है। जो खाने में स्वादिष्ट भी होती है। वहीं, कुछ लोग होते है जिनको पनीर की मसालेदार सब्जी खाना बहुत ही अच्छा लगता है। तो आज हाम बात करने जा रहे है महाराष्ट्रियन डिश पनीर कोल्हापुरी की। जो बहुत ही कम समय में घर पर बना सकते है। आइये जानते है विधि।
सब्जी के लिए ये चाहिए सामग्री
- पनीर 250 ग्राम
- प्याज 1 बड़े साइज का
- टमाटर 1 बड़े साइज का
- लौंग 2
- सूखी लाल मिर्च 3-4
- बड़ी इलायची 1
- दालचीनी का टुकड़ा 1 इंच
- तेज पत्ता 1
- लहसुन-अदरक का पेस्ट 1 बड़ा चम्मच
- धनिया पत्ती 1 बड़ा चम्मच बारीक कटी हुई
- खड़ी धनिया 1 छोटा चम्मच
- सफेद तिल 1 छोटा चम्मच
- नारियल 1/2 कप कद्दूकस किया हुआ
- जायफल पाउडर 1/2 छोटा चम्मच
- जीरा 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर 1/2 छोटा चम्मच
- हींग 1 चुटकी
- स्वादानुसार नमक
- तेल जरूरत अनुसार
इस विधि से बनाएं
सबसे पहले पनीर, प्याज और टमाटर को काट लें। फिर अदरक और लहसुन का पेस्ट बना लें। एक कढ़ाई में तेल डालकर मीडियम आंच पर गर्म कर लें। फिर इसमें सारे खड़े मसाले डालकर पका लें। इसके बाद प्याज, टमाटर और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। साथ ही इसमें धनिया मसाला, हल्दी मसाला और जायफल पाउडर को डालकर अच्छी तरह से भूनें। जब यह सब भुन जाएं तो आप इसे थोड़ी देर ठंडा होने के लिए रखें। फिर इनको मिक्सर ग्राइंडर में डालकर पेस्ट बना लें और इसके बाद कढ़ाई में तेल डालकर गर्म करें और हींग-जीरे का तड़का लगा लें।
ग्रेवी के लिए डालें पानी
इसके बाद आप इसमें पिसा हुआ मसाले का पेस्ट डालें। फिर इसको कढ़ाई में डालकर दोबारा अच्छी तरह से भूनें। आप इस मिक्चर में कटे हुए पनीर के टुकड़े डालें। अगर आप ग्रेवी ज्यादा करना चाह रहे है तो इसमें थोड़ा पानी डालकर करीब 2 मिनट तक पका लें। आखिरी में कटी हुई धनिया डाल दें। आपकी सब्जी तैयार है।