हितेश पंत (नई दिल्ली)
सीबीएसई से इस बार 10वीं बोर्ड की परीक्षा दे चुके छात्र-छात्राओं का इंतजार आखिर खत्म हो गया। बोर्ड ने 10वीं के परिणामों की घोषणा कर दी है। हालांकि कल ये खबर आ रही थी की 29 मई को शाम 4 बजे परिणाम घोषित होंगे लेकिन दोपहर 1.30 बजे ही रिजल्ट जारी कर दिया गया। दसवीं में इस बार कुल 86.7 फीसदी बच्चे पास हुए हैं। 12वीं की तरह यहां भी लड़कियों ने बाजी मारी है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं के परिणाम में इस बार 4 बच्चों टॉप पर रहे हैं। इन चारों छात्र-छात्राओं को 500 में से 499 नंबर मिले हैं। 99.8 फीसदी अंक पाने वाले ये छात्र देश के अलग-अलग कोने से हैं। बिजनौर के आरपी पब्लिक स्कूल की रिमझिम अग्रवाल, डीपीएस गुरूग्राम के प्रखर मित्तल, स्कॉटिश स्कूल शामली की नंदिनी गर्ग और भवन विद्यालय कोच्चि की श्रीलक्ष्मी जी टॉपरों में शामिल हैं।
इस बार 10वीं के रिजल्ट में भी लड़कियां आगे हैं। कुल पास हुए विद्यार्थियों में 88.67 फीसदी लड़कियां शामिल हैं, जबकि 85.3 फीसदी लड़कों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। पिछले साल से तुलना करें तो इस बार रिजल्ट कुछ कम रहा है। पिछले साल 10वीं में कुल 90.95 फीसदी छात्र-छात्राएं पास हुए थे।
इस बार कुल 16,38,428 छात्र-छात्राएं सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे। खास बात ये है कि 10वीं की परीक्षा देने वालों में इस बार 6 ट्रांसजेंडर विद्यार्थी भी शामिल हैं। जिस भी विद्यार्थियों ने अभी तक अपना रिजल्ट नहीं देखा है वो सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट www.cbseresults.nic.in या www.cnse.nic.in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।