चैंपियंस ट्रॉफी का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। बुधवार 19 फरवरी को आईसीसी के इस टूर्नामेंट का आगाज हो जाएगा। पहले मैच में पाकिस्तान और न्यजीलैंड की टीम आमने-सामने होगी। इस मैच से पहले कीवी टीम को बड़ा झटका लगा है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
फर्ग्यूसन को आईएलटी20 में दुबई कैपिटल्स के खिलाफ पहले क्वालीफायर में चोट लगी थी। वो बाहर चले गए थे और फिर फाइनल से बाहर हो गए थे। फर्ग्यूसन को हाल ही में संपन्न ट्राई सीरीज के लिए भी न्यूजीलैंड स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन वह एक भी मैच नहीं खेल सके थे।
वापसी की कोशिश नाकाम
इसके बाद फर्ग्यूसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के अभ्यास मैच में हिस्सा लिया, लेकिन केवल तीन ओवर गेंदबाजी कर सके और 17 रन खर्च किए। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने मंगलवार को बयान जारी करके लोकी फर्ग्यूसन के चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होने की पुष्टि की और ऑलराउंडर काइल जेमिसन को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में शामिल किया।
बता दें कि, लोकी फर्ग्यूसन आगामी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर होने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे तेज गेंदबाज हैं। इससे पहले बेन सियर्स हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हुए, जिनकी जगह जैकब डफी को शामिल किया गया। ब्लैककेप्स को रचिन रवींद्र की अपडेट का भी इंतजार है, जिन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कैच पकड़ते समय चेहरे पर चोट लगी थी।
बुधवार को पाकिस्तान के साथ न्यूजीलैंड का पहला ग्रुप मैच होना है। ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम के कई दिग्गज खिलाड़ी चोटों के चलते बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है। इस ग्रुप में दोनों टीमों के अलावा बांग्लादेश और भारतीय टीम भी हैं। 20 फरवरी को भारत अपना मैच बांग्लादेश के साथ खेलेगा।