टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान दूसरी बार पिता बने हैं। उनके पत्नी सफा बैग (Safa Baig) ने मंगलवार को बेटे को जन्म दिया है। पठान ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से एक फोटो शेयर कर अपने फैंस को ये खबर दी है। इरफान ने 2016 में पेशे से मॉडल रहीं सफा बेग से निकाह किया था। सफा के पिता सऊदी अरब में बिजनेसमैन हैं।
इरफान ने बच्चे की पहली तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, “सफा और मैं बेटा सुलेमान खान का स्वागत करते हैं। बच्चा और मां दोनों ठीक और स्वस्थ हैं। आशीर्वाद” इरफान और सफा के बड़े बेटे का नाम इमरान खान पठान है, जिसका जन्म 20 दिसंबर 2016 को हुआ था। इरफान अक्सर इमरान की फोटो फैंस से साझा करते रहते हैं। इरफान और सफा की शादी 4 फरवरी 2016 को हुई थी।
Safa and me welcome our baby boy SULEIMAN KHAN. Both baby and mother are fine and healthy. #Blessings pic.twitter.com/yCVoqCAggW
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) December 28, 2021
बताया जाता है कि सफा और इरफान की पहली मुलाकात दुबई में हुई थी। सफा का जन्म 28 फरवरी, 1994 को हुआ था। वह जेद्दा में ही बड़ी हुई हैं और इंटरनेशनल स्कूल से उनकी पढ़ाई हुई है।
इरफान पठान इन दिनों क्रिकेट पंडित के साथ बिजी हैं। वह भारतीय टीम और आईपीएल के मैचों का विश्लेषण करते हैं। इरफान 2007 टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया का सदस्य रहे हैं। इरफान ने उस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 10 विकेट झटके थे। इरफान ने भारत के लिए 29 टेस्ट, 120 वनडे और 24 टी20 खेले हैं। इसमें उन्होंने कुल 301 विकेट लिए हैं।

