नक्सल मोर्चे पर अदम्य साहस का परिचय देकर राष्ट्रपति के पुलिस वीरता पदक से सम्मानित सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रतनलाल डांगी कोरोना काल में युवाओं को मानसिक अवसाद से बाहर निकालने फिट इंडिया मूवमेंट चला रहे है। वह, प्रतिदिन सुबह दो से तीन घंटे योगा, व्यायाम, दौड़ के साथ आश्चर्यचकित करने वाले शारीरिक अभ्यास करने वाले आइजी, युवाओं के रोल माडल बन चुके हैं।
इतने लोग ने देखा योग और व्यायाम का वीडियो
प्रेरक संदेश के साथ आईजी के योग, व्यायाम से जुड़ी वीडियो, फोटो को दो दिन पहले चंद घंटों में ही एक लाख 70 हजार लोगों ने देखा, लाइक किया और कमेंट भी किए। वर्षों से ‘गाइड द यूथ ग्रो द नेशन’ मुहिम चलाकर युवाओं को आगे बढ़ाने में लगे आईजी रतनलाल डांगी ने इस मुहिम को अब फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ दिया है। योग, व्यायाम और शारीरिक अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। स्कूल-कॉलेज बंद हैं। शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर अनिश्चितता की स्थिति में विद्यार्थी मानसिक अवसाद में हैं। युवाओं के समक्ष भी चिंता है।
खास बात
ऐसे में युवाओं-विद्यार्थियों को मोटिवेट करने आईजी फिट इंडिया मूवमेंट को सबसे कारगर मानते है। जब आईजी स्तर का अधिकारी व्यस्तता के बीच अपने शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए हर रोज दो से तीन घंटे का समय निकाल सकता है तो विद्यार्थी- युवाओं के लिए यह तो और भी आसान है।
शारीरिक अभ्यास से रह सकेंगे स्वस्थ
आइजी बताते हैं कि सेना- पुलिस में जाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए भी यह लाभकारी होता है। कई युवा ऐसे होते है जिनका कहना होता की पुलिस उप निरीक्षक की भर्तियां नहीं निकल रही हैं। ऐसे युवाओं को आईजी प्रेरित करते है कि क्या वे इन भर्तियों के लिए तैयार हैं? ऐसे युवाओं को कई बार वे अवसर भी देते है कि जो शारीरिक अभ्यास वे कर पाते है वैसा ही वे (युवा) कर के दिखा सकते हैं क्या? आईजी के आगे युवा कम आयु के बावजूद कमजोर साबित होते रहे है। ऐसे युवाओं को वे लगातार प्रेरित करते रहे है कि शारीरिक अभ्यास से जुड़े ताकि वे स्वस्थ्य रह सकें।




