हितेश पंत (नई दिल्ली)
राष्ट्रमंडल खेलों की शुरूआत 5 अप्रैल से होने जा रही है। 4 अप्रैल को उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। ऑस्ट्रेलिया का गोल्ड कोस्ट मेहमान खिलाड़ियों के स्वागत में जुटा है। भारत के लिए गोल्ड कोस्ट में उस वक्त गौरव का क्षण आया जब मैदान में खिलाड़ियों तिरंगा फहराया। कई स्पर्धाओं से जुड़े खिलाड़ियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
गोल्ड कोस्ट के खेल गांव में सोमवार को भारतीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में मुक्केबाजी स्पर्धा से जुड़े सभी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा अन्य खेलों से जुड़े कुछ खिलाड़ी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय दल के प्रमुख विक्रम सिसोदिया भी साथ में रहे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय खिलाड़ी काफी उत्साह में दिखे। देश की प्रमुख महिला मुक्केबाज और पांच बार विश्व चैंपियन रहीं मैरी कॉम उत्साह में थिरकते हुए दिखी। कई खिलाड़ी इस बीच फोटो खिचाते भी नजर आए। खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन देने से पहले उत्साह से साथ भारतीय ध्वज फहराते हुए बेहद खुश नजर आए।
कार्यक्रम में विवादों से जूझ रही मुक्केबाजी की पूरी टीम ने हिस्सा लिया। खेल शुरू होने से पहले ही मुक्केबाज सिरिंज विवाद में घिर गए हैं। बीते दिनों में कुछ खिलाड़ियों के कमरे के बाहर सिरिंज पाई गई थीं। इसके बावजूद मुक्केबाजी कोच का कहना है कि उन्हें इस विवाद से जुड़ी जानकारी नहीं है। हमारा ध्यान सिर्फ खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर है।