हितेश पंत (नई दिल्ली)
इंडियन रेलवे ने सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस बार करीब 90 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है। इसमें सहायक लोको पायलट, तकनीशियन सहित ग्रुप डी के पद शामिल हैं। इन भर्ती प्रक्रिया में रेलवे ने उम्र, शैक्षिक योग्यता सहित कुछ नई शर्तें जोड़ी थी। लेकिन उम्मीदवारों के विरोध के बाद अब इन शर्तों में बदलाव किया गया है।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने इस बार ग्रुप डी के पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा को 28 वर्ष रखा गया था। इससे पहले तक इस पद के लिए अधिकतम उम्र सीमा 30 वर्ष होती थी, 2 साल उम्र कम हो जाने के कारण आवेदकों मे काफी निराशा थी। आरआरबी ने अब सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाकर फिर 30 वर्ष कर दिया। अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ये उम्र सीमा 33 वर्ष और अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 35 साल अधिकतम होगी।
इसके अलावा शैक्षिक योग्यता को लेकर भी आरआरबी ने भी कुछ बदलाव किए हैं। ग्रुप डी के पदों के लिए पहले आईटीआई डिप्लोमा को अनिवार्य किया था। अब आईटीआई की अनिवार्यता वाली शर्त को हटा दिया गया। जिनके पास आईटीआई डिप्लोमा नहीं है वे भी अब आवेदन कर सकते हैं। रेलवे इन परीक्षाओं को 15 स्थानीय भाषाओं में कराएगा।
इसके साथ ही रेलवे ने परीक्षा की फीस को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। इस बार रेलवे में आवेदन को 500 रुपए फीस निर्धारित थी। जिससे उम्मीवार नाराज चल रहे थे। रेलवे ने उम्मीदवारों को राहत देते हुए फीस रिफंड करने का ऐलान किया है। जो सामान्य वर्ग के उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे उन्हें 400 रुपए फीस वापस कर दी जाएगी। जबकि एससी एसटी उम्मीदवारों को पूरी फीस वापस लेने का निर्णय लिया गया है।

