नीला आसमान तो हम हर रोज देखते हैं, पर क्या आपने कभी नीला चंद्रमा देखा है। अगर नहीं तो इस महीने आपके पास ऐसी विस्मय घटना को देखने का मौका है। 31 जनवरी को होने वाले पूर्ण चंद्र ग्रहण के साथ ‘ब्यू मून’ की दुर्लभ घटना घटित होगी।
इस जनवरी की 31 तारीख को महीने की दूसरी पूर्णिमा होगी और इस दिन पूर्ण चंद्रग्रहण लगेगा। इस दुर्लभ घटना को ब्लू मून कहा जाता है। यह घटना 150 साल से भी ज्यादा समय के बाद घटित होगी। यह इस साल का पहला चंद्रग्रहण भी है। भारतीय उपमहाद्वीप, पश्चिमी एशिया और पूर्वी यूरोप में चांद निकलने से पहले ही ग्रहण के आगोश में होगा। मध्य और पूर्वी एशिया, इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया में शाम को चंद्र ग्रहण के इस बेहद दुर्लभ नजारे को साफ देखा जा सकेगा। पूर्ण चंद्रग्रहण करीब 77 मिनट तक रहेगा। यह नजारा आधी रात में दिखाई देगा। इस दौरान चंद्रमा का निचला हिस्सा ज्यादा चमकदार दिखाई देगा। इससे पहले 31 दिसंबर 2009 को भी महीने की दूसरी पूर्णिमा के दिन चंद्रग्रहण लगा था, लेकिन ये आंशिक चंद्रग्रहण था। पूर्ण चंद्रग्रहण के साथ ब्लू मून की पिछली घटना 31 मार्च 1866 को घटित हुई थी। स्पेस डॉट काम के अनुसार इसके बाद ब्लू मूल की अगली घटना 31 दिसंबर 2028 और उसके बाद 31 जनवरी 2037 को घटित होगी।
