साउथ अफ्रीका के साथ 5 जनवरी से शुरू हो रही टेस्ट मैच सीरीज में एक हनुमान भक्त खिलाड़ी भी भारत के खिलाफ खेल रहा है। साउथ अफ्रीका के इस स्पीनर ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम में अपनी जगह पक्की की है।
भारतीय मूल के केशव महाराज साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम में बाएं हाथ के स्पीनर हैं। केशव के दादा रोजगार के लिए साउथ अफ्रीका आए थे। इसके बाद इनका परिवार यहीं बस गया। भारत से दूर रहने के बाद भी केशव हिंदू धर्म और संस्कृति से दूर नहीं हुए। भगवान के प्रति केशव की बहुत आस्था है और वो हनुमान जी के परम भक्त हैं। कुछ दिनों पहले केशव ने इंस्टाग्राम में हनुमान जी की मुर्ति के साथ फोटो शेयर करते हुए ‘जय बजरंग बलि हनुमान’ का केप्शन दिया था। 27 साल के केशव 16 साल की उम्र से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे हैं। केशव ने 2016 में साउथ अफ्रीका की टीम में खेलना शुरू किया। अब तक वो 14 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 56 विकेट चटका चुके हैं। 2017 में केशव ने कुल 48 विकेट अपने नाम किए हैं। बीती 26 दिसंबर को केशव ने जिंबाब्वे के खिलाफ खेले टेस्ट मैच में 5 विकेट लिए थे। वे बेहतर फॉर्म में चल रहे हैं, ऐसे में भारतीय टीम के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। केशव के पिता भी क्रिकेटर रहे हैं और साउथ अफ्रीका में कई घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं।


