भारत एक बार फिर विश्व गुरु की भूमिका निभाने जा रहा है। दावोस में दुनिया के टॉप लीडर्स और बड़ी कंपनियों के सीईओ को भारत योग सिखाएगा। योग को अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के बाद ये एक और मौका होगा जब पूरी दुनिया एक साथ योग का प्रचार करेगी।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) समिट स्विटरलैंड के दावोस में आयोजित होने जा रहा है। 23 से 27 जनवरी तक चलने वाले इस समिट में दुनियाभर के देशों के प्रमुखों के साथ टॉप कंपनियों के सीईओ हिस्सा लेंगे। भारत की तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी अपने डेलीगेशन के साथ इस समिट में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी के डेलीगेशन में खास तौर से 2 योग गुरु भी जा रहे हैं। ये योग गुरु दावोस में बर्फ पर योग की संभावनाएं तलाश करेंगे और समिट में आए सभी राष्ट्राध्यक्षों और सीईओ को योग सिखाएंगे। समिट में डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग, व्लादिमीर पुतिन जैसे बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा मुकेश अंबानी, चंदा कोचर, उदय कोटक समेत दुनिया के तमाम बड़ी कंपनियों के सीईओ भी इस समिट का हिस्सा होंगे। ये सभी लोग भारत से आए योग गुरुओं के साथ योगाभ्यास करेंगे। इस समिट के बाद योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही समिट में भारतीय संस्कृति और खानपान को दुनिया के सामने रखा जाएगा। भारत के लिए ये एक गौरव का क्षण होगा जब पूरा विश्व एक साथ भारतीय योग गुरुओं के साथ योगाभ्यास करेगा।
