हितेश पंत (नई दिल्ली)
सोशल मीडिया में पिछले दो दिनों से एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। सिर्फ वीडियो ही नहीं इस पर बने मीम्स भी सोशल मीडिया में छाए हैं। इस वीडियो में लड़की को सरेआम नैन मटक्का करते दिखाया गया है। इस लड़की को कोई नेशनल क्रश लिख रहा है तो कोई इसे पत्थर दिल को भी पिघला देने वाली लड़की बता रहा है। आखिर है कौन ये लड़की जो सोशल मीडिया में दो दिन से कब्जा जमाए है।
दरअसल ये वीडियो एक मलयालम फिल्म उरू अदार लव का है। फिल्म के एक गाने में अभिनेत्री प्रिया प्रकाश एक खास अंदाज में अपने बॉयफ्रेंड से प्यार का इजहार कर रही है। प्रिया प्रकाश साउथ इंडियन एक्ट्रेस हैं। वो इस फिल्म के साथ फिल्मी दुनिया में कदम रख रही हैं। प्रिया बीकॉम फर्स्ट ईयर की छात्रा हैं और वो सोशल मीडिया में काफी एक्टिव रहती हैं। फिल्म में वो एक स्कूली छात्रा का रोल कर रहीं हैं। वायरल हो रहा वीडियो फिल्म के एक गाने का है। जिसे किसी थियेटर में शूट किया गया है। गाने के एक सीन में एक्ट्रेस अपने बॉयफ्रेंड को प्यार दिखाने के लिए आंखों के इशारे कर रही है। यही सीन इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। क्योंकि ये गाना टीनएज पर आधारित है। इसलिए कई लोग इसे सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
वेलेंटाइन वीक पर ये वीडियो सामने आया है तो लोग इसे प्यार की नजर से देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो और मीम्स खूब वायरल हो रहे हैं। कोई पीएम मोदी को इस लड़की के साथ दिखा रहा है तो कोई राहुल गांधी के साथ इसे शेयर कर रहा है। इस वायरल के साथ प्रिया प्रकाश और उरू अदार फिल्म को काफी लोकप्रियता मिल गई है।
इस फिल्म को उमर लूलू डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म के गानों को शाह रहमान ने कंपोज किया है। यू ट्यूब पर फिल्म का गाना भी खूब धूम मचा रहा और टॉप ट्रेंडिंग में शामिल हो गया है। ये फिल्म 3 मार्च को रिलीज होगी। रिलीज से पहले इतनी लोकप्रियता से संकेत मिल रहे हैं कि फिल्म लोगों को अपने ओर खिंचने में कामयाब होगी।


