मोबाइल फोन में नेटवर्क को लेकर अगर आप परेशान हैं तो मोबाइल नंबर पॉर्टिबिलिटी सर्विस से आप बिना नंबर बदले अपना नेटवर्क ऑपरेटर बदल सकते हैं। एमएनपी को लेकर ग्राहकों के लिए एक बड़ी खबर आई है। अब सिर्फ 4 रुपए देकर आप अपना नंबर पोर्ट करा सकेंगे।
टेलीकॉम रेग्युलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एमएनपी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पहले जहां आपको अपना मोबाइल नंबर एक ऑपरेटर से दूसरे ऑपरेटर में पोर्ट करने पर 19 रुपए देने होते थे। अब उसकी जगह सिर्फ 4 रुपए ही लिए जाएंगे।
टेलीकॉम इंडस्ट्री के स्टॉकहॉल्डर्स की सलाह के बाद ट्राई ने ग्राहकों के हित में ये फैसला लिया है। ट्राई ने बयान जारी करते हुए कहा कि नोटिफिकेशन की तारीख के बाद से मोबाइल नंबर पोर्ट की फीस नई दरों के आधार पर ली जाएगी।
मोबाइल नंबर पॉर्टिबिलिटी सेवा का फायदा लेने वाले ग्राहकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसलिए फीस में कटौती की गई है। एमएनपी से जहां ग्राहकों को सेवा के मामले में संतुष्टि मिलती है, वहीं मोबाइल ऑपरेटर भी इस सर्विस से ग्राहकों को आकर्षित करने में कामयाब हो रहे हैं।
सिर्फ 4 रुपए में बदलिए अपना मोबाइल ऑपरेटर