भारतीय जवानों ने पाकिस्तान को एक बार फिर कड़ा सबक सिखाया है। 24 घंटे के अंदर बीएसएफ जवान की शहादत का बदला लेते हुए जवानों ने पाकिस्तान में बड़ी तबाही मचाई है। इस कार्रवाई में पाकिस्तान के 10 से ज्यादा सैनिक मारे गए हैं।
बुधवार की शाम पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की। इस गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल आरपी हजारा शहीद हो गए। इसका बदला लेते हुए भारतीय जवानों ने आज पाकिस्तान की सीमा पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बीएसएफ के हमले से पाकिस्तान के 10 से ज्यादा जवानों की मौत हुई है। इसके अलावा पाकिस्तान की कई चौकियां भी तहस-नहस हुई हैं। बीएसएफ की ओर से आए बयान में बताया गया कि जवानों ने पहले पाकिस्तान की 4 मोर्टार पोजीशन का पता लगाया और उसके बाद हमला किया। इसके अलावा आज आरएसपुरा सेक्टर में भी बीएसएफ ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक घुसपैठिए को मार गिराया। पाकिस्तान संघर्षविराम तोड़ते हुए भारतीय सीमा में आए दिन फायरिंग कर रहा है। भारतीय जवान पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देकर कड़ा सबक सिखा रहे हैं।
