हितेश पंत (नई दिल्ली)
देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। लेकिन हैरत तब होती है जब कच्ची उम्र में ही ये प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी छाप छोड़ती हैं। हम यहां बात कर रहे हैं आठ साल के एक ऐसे मासूम की जो योग साधना से देश विदेश में मशहूर हो रहा है। ये सिर्फ कठिन योगासन ही नहीं करता बल्कि योग की शिक्षा भी दे रहा है।
अपने अंदर हुनर हो तो इंसान की पहचान खुद ब खुद होने लगती है। नन्हें योगाचार्य राज में भी कुछ ऐसा ही हुनर है जो उसे विदेशियों के बीच अलग पहचान दिलाता है। मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाले राज ने छोटी सी उम्र में ही अपने को योग कलाओं में निपुण कर लिया है। राज की योग मुद्राएं देखकर आप भी उससे योग सिखने को तैयार हो जाएंगे।
खेलने कूदने की उम्र में राज ने खुद को योग के अनुशासन में ढाल लिया है। वो कठिन से कठिन योग मुद्राएं भी आसानी से कर लेता है। योगासन से वो अपने शरीर को किसी भी मुद्रा में ढाल लेता है। कभी बड़ी आसानी से शरीर को गेंद की तरह गोल कर कर लेता है तो कभी सर के बल शरीर को चारों ओर घुमा लेता है। पेट को गोल घुमाना हो या और कोई अभ्यास हो, राज सभी योगासन सहजता से करता है।
राज के परिजन बताते हैं कि वो बचपन से ही पूरी रुचि के साथ योगाभ्यास करता है। शुरुवात में उसने टीवी पर देखकर योग करना शुरू किया। कुछ समय में राज कठिन योगासन भी करने लगा। राज के हुनर को देखते हुए परिजनों ने उसे योगाचार्य डॉ आनंद से योग की शिक्षा दिलाई। गुरु की देखरेख में वो योग विद्या में निपुण बन गया। इसके बाद यहीं उसने आठ साल की उम्र से योग सिखाना शुरु कर दिया।
इंदौर के इंस्टीट्यूट ऑफ योग साइंस एंड रिसर्च में राज योग की क्लास लेता है। उसकी योग क्लास में देश के साथ साथ विदेशों से आए लोग भी योग सीखते हैं। यहां हर दिन राज की योग क्लास लगती है। अब तक राज 300 लोगों को योग सिखा चुका है। इनमें से 50 लोग विदेशी हैं। राज से योग सीखने वाले सभी लोग उसकी क्लास की तारीफ करते नहीं थकते हैं।
