बॉलीवुड सुपर स्टार ऋतिक रोशन आजकल वाराणसी में हैं और बच्चों को आईआईटी एग्जाम की तैयारी करा रहे हैं। आज हम आपके लिए लाए हैं ऋतिक रोशन का एक ऐसा लुक जिसमें वे बढ़ी हुई दाड़ी के साथ एक टीचर की भूमिका में हैं।
ये पढ़ने में आपको थोड़ा अटपटा लगा होगा लेकिन बात है ही कुछ ऐसी। असल में ऋतिक रोशन अपनी अगली फिल्म ‘सुपर 30’ की शुटिंग वाराणसी में कर रहे हैं। सुपर 30 फिल्म पटना के सुप्रसिद्ध गणित अध्यापक आनंद कुमार की बायोपिक है। आनंद कुमार का कहना है कि वे इस बात से काफी खुश हैं कि ऋतिक रोशन फिल्म में मुख्य किरदार निभा रहे हैं।
बिहार के आनंद कुमार पटना में सुपर 30 नाम से एक कोचिंग संस्थान चलाते हैं। जहां गरीब और जरुरतमंद बच्चों को मुफ्त में आईआईटी की कोचिंग दी जाती है। सुपर 30 की खास बात ये है कि यहां पढ़ने वाले बच्चों का रिजल्ट लगभग शत-प्रतिशत रहता है। बच्चों के रहने और खाने की व्यवस्था भी आनंद कुमार करते हैं। उनके इस कार्य को बड़े स्तरों पर सराहना मिल चुकी है।
‘सुपर 30’ को फैंटम फिल्म्स प्रोड्यूस कर रही है और निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं। इस फिल्म में ऋतिक रोशन को लंबी दाड़ी में एक टीचर का लुक दिया गया है। काफी हद तक उनका चेहरा आनंद कुमार से मिल रहा है। अभी तक छोटे पर्दे पर काम करने वाली मृणाल ठाकुर इस फिल्म में लीड एक्ट्रेस के तौर पर हैं। ये फिल्म 25 जनवरी 2019 को रिलीज होगी।

