हितेश पंत (नई दिल्ली)
शान की सवारी माने जाने वाली रॉयल एनफील्ड ने अपनी नई लिमिटेड एडिशन बाइक भारतीय बाजार में लॉन्च कर दी है। इस दमदार बाइक को रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 पोगासस नाम दिया गया है। इस बाइक को हर कोई नहीं खरीद सकेगा, क्योंकि कंपनी ने दुनियाभर के लिए सिर्फ 1000 ही क्लासिक 500 पोगासस बनाई हैं।
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 पोगासस का भारतीय बाजार में काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। ये बाइक पेगासस कंपनी की RE/WD 125 बाइक्स के आधार पर बनाया गया ह, जिनका उपयोग ब्रिटिश सैनिकों ने दूसरे विश्व युद्ध में किया था। नई बाइक का कलर, डिजायन, लुक सब कुछ खास है। इसके टैंक में पैगासस का लोगो है। बाइक देखकर ऐसा लगता है कि ये सेना की बाइक हो।
नई बाइक को सर्विस ब्राउन और ऑलिव ड्रैब ग्रीन कलर में पेश किया गया है। लेकिन भारत में ये ब्राउन कलर में ही आएगी। इसमें 499 सीसी सिंगल सिलिंडर एयर कूल्ड इंजन लगा है। यह इंजन 27 बीएचपी की पावर और 41 न्यूटन मीटर का टार्क देता है। बाइक में 5-स्पीड गेयर बॉक्स है। बाइक का कर्ब वेट करीब 194 किलो है।
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 पोगासस में कई ऐसी एसेसरीज दी गई हैं जो बाइक को रॉयल लुक देती हैं। इनमें भूरे रंग के हेंडलबार ग्रिप्स, एयर फिस्टन के चारों ओर पीतल के बकल्स और लेदर स्ट्रैप दिया गया है। साथ ही काले रंग का किक स्टार्ट, पैडल और हेडलाइट पैनल है। साथ ही बाइक के दोनों ओर सेना की बाइक की तरह डिग्गी होगी।
दुनियाभर के लिए इस नई बाइक के सिर्फ 1000 यूनिट्स ही बनाई गई हैं। इनमें से 250 पेगासस बाइक भारतीय लोगों के लिए है। भारत में इस बाइक की एक्स शोरूम कीमत करीब 2.4 लाख रुपए होगी। बाइक की बिक्री 10 जुलाई 2018 से शुरू होगी। अगर आप इस बाइक को लेना चाहते हैं तो आपको रॉयल एनफील्ड की वेबसाइट पर जाना होगा।