हितेश पंत (नई दिल्ली)
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के नतीजे आज घोषित हो गए। दोनों कक्षाओं के नतीजे एक साथ घोषित किए गए। इन परिणामों में एक बार फिर बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बेहद साधारण परिवार बच्चे परीक्षा में टॉप कर दूसरों के लिए प्रेरणा बने हैं। मध्य प्रदेश शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर परीक्षा परिणाम देखे जा सकते हैं।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में इस बार 10वीं और 12वीं के करीब 20 लाख छात्र-छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा दी। जिसमें 10वीं के 11.48 लाख परीक्षार्थी और 12वीं के करीब 7.69 लाख परीक्षार्थी शामिल हैं। 12वीं बोर्ड परीक्षा में इस बार 68 फीसदी छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है। तो 10वीं की परीक्षा में 66 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए हैं।
मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा में भी इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है। टॉपर्स की लिस्ट में कई छात्राओं ने अपना नाम दर्ज कराया है। 12वीं परीक्षा में आर्ट्स ग्रुप की शिवानी ने पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं 10वीं परीक्षा में दो परीक्षार्थी पहले स्थान पर रहे हैं। अनामिका साध और हर्षवर्धन परमार ने बराबर अंक प्राप्त कर 10वीं में टॉप किया है।
बेहद साधारण परिवार से आने वाले छात्र-छात्राओं ने भी मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा में अपनी प्रतिभा साबित की है। उरमिया जिले के करकेली कस्बे की रहने वाली शाहजहां खातून भी इनमें से एक है। शाहजहां ने 12वीं की मेरिट लिस्ट में टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है। शाहजहां का जिक्र यहां हम इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद ये सफलता हासिल की है।
शाहजहां के घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। उनके पिता मोहम्मद मुश्ताक पंचर जोड़ने का काम करते हैं। काम भले ही छोटा हो पर विषम परिस्थितियों में भी बच्चों को अच्छी परवरिश दे रहे हैं। इसी का नतीजा है कि इस बार उनकी छोटी बेटी 12वीं के टॉपरों में शामिल हुई है। इससे पहले उनकी बड़ी बेटी भी 12वीं परीक्षा में टॉप कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है।
शाहजहां साइंस में गणित वर्ग की छात्रा हैं। उन्होंने अपने गांव में अबतक का सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन कर इतिहास रचा है। शाहजहां को कुल 500 अंकों में 476 अंक हासिल हुए हैं। शाहजहां की सफलता से उनके परिवार के साथ साथ स्कूल और गांव भर में खुशी का माहौल है। शाहजहां आगे अपनी बड़ी बहन की तरह इंजीनिरिंग क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।