फिल्मों द्वारा भारतीय संस्कृति के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित करने और इस दिशा में उभरती प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए फरवरी में चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल आयोजित होने जा रहा है। इस फेस्टिवल में अपनी कैटेगरी में बेस्ट फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय चित्र साधना आने वाली 19, 20 और 21 फरवरी को चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल आयोजित कर रहा है। दिल्ली के सिरी फोर्ट सभागार में होने वाले फिल्म फेस्टिवल में भारतीय संस्कृति और सभ्यता को बढ़ावा देने वाली विभिन्न कैटेगरी की बेस्ट फिल्मों और उनसे जुड़े बेस्ट कलाकारों को नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। फेस्टिवल के लिए कुल 8 थीम रखी गयीं हैं। जिसमें भारतीय संस्कृति और मुल्य, राष्ट्रीय और सामाजिक जागरूकता, रचनात्मक कार्य, भारतीय परिवार प्रणाली, सामाजिक सद्भाव, लोक कला, महिलाएं और पर्यावरण शामिल हैं। अगर आपने इन थीम्स पर शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, कैंपस फिल्म या एनिमेशन फिल्म बनाई है तो आपके लिए ये फेस्टिवल एक सुनहरा मौका है। इन थीम्स पर बनी बेस्ट शॉर्ट फिल्म के लिए एक लाख रुपए और बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट मेल एक्टर तथा बेस्ट फीमेल एक्टर के लिए 51-51 हजार रुपए का नकद पुरस्कार रखा गया है। इन्हीं थीम पर बनी बेस्ट डॉक्यूमेंट्री और बेस्ट एनिमेशन फिल्मों को 51 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। फेस्टिवल में कैंपस फिल्म को भी पुरस्कृत किया जाएगा। बेस्ट कैंपस फिल्म के लिए 25 हजार, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट मेल एक्टर और बेस्ट फीमेल एक्टर को 15-15 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। फेस्टिवल में प्रतिभाग करने के लिए आपको 31 जनवरी से पहले रजिस्ट्रेश करना होगा। फिल्मों को आप गूगल ड्राइव लिंक या सीडी और पैन ड्राइव द्वारा आयोजकों तक भेज सकते हैं। अगर आप भी अपनी फिल्म इस फेस्टिवल के लिए भेजना चाहते हैं तो आयोजकों की बेवसाट www.bhartiyachitrasadhna.com या मोबाइल नंबर +91- 9811338858 पर अधिक जानकारी ले सकते हैं।
