शादी के बाद अनुष्का शर्मा बेहद डरावने अंदाज में नजर आ रही हैं। कनफ्यूज न हों हम उनकी रीयल लाइफ की नहीं बल्कि रील लाइफ की बात कर रहे हैं। अनुष्का की आने वाले फिल्म परी का दूसरा टीजर रिलीज हुआ है। ये टीजर काफी दहशत भरा है और इसमें अनुष्का का खौफनाक चेहरा नजर आ रहा है।
अनुष्का शर्मा के होम प्रोडक्शन Clean Slate Films की नई फिल्म परी के दूसरा टीजर से कहानी का कुछ कुछ अंदाजा लगने लगा है। 52 सेकंड का ये टीजर बेहद डरावना है। विडियो के आखिरी शॉट में अनुष्का भूत के लुक में हैं। परी नाम के बाद लोगों को लग रहा था कि शायद फिल्म में परियों से संबंधित कुछ कहानी हो। लेकिन दूसरे टीजर से साफ होता है कि ये बहुत डरावनी फिल्म है।
अनुष्का के होम प्रोडक्शन की ये तीसरी फिल्म है। इससे पहले वे ‘फिलौरी’ और ‘NH10’ को प्रोड्यूस कर चुकी हैं। परी का निर्देशन प्रोशित रॉय कर रहे हैं। बंगाली स्टार परमब्रता चटर्जी भी इस फिल्म में लीड रोल में हैं। इसके अलावा रजत कपूर फिल्म में अभिनय कर रहे हैं। फिल्म में अनुष्का के साथ उनके भाई करनेश भी काम कर रहे हैं।
परी 2 मार्च को रिलीज हो रही है। फिल्म की रिलीज को देखते हुए जॉन अब्राहम की फिल्म परमाणु की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। जहां पहले परमाणु 2 मार्च को रिलीज हो रही थी वो अब 6 अप्रैल को दर्शकों के सामने आएगी। दोनों टीजर देखकर अंदाज लगाया जा रहा है कि परी बॉलीवुड की बेहतरीन हॉरर फिल्म होगी।
