हितेश पंत (नई दिल्ली)
दिल्ली विश्वविद्यालय की इस साल की कट ऑफ को लेकर सस्पेंस हटने लगा है। डीयू के सेंट स्टीफेंस कॉलेज ने इस सत्र में एडमिशन के लिए पहली कट ऑफ जारी कर दी है। सेंट स्टीफेंस में एडमिशन के लिए कट ऑफ में आने वाले छात्रों को इंटरव्यू पास करना जरूरी होता है। कॉलेज 18 जून से एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
सेंट स्टीफेंस कॉलेज में अंडर ग्रेजुएट कोर्स के लिए पहली कट ऑफ लिस्ट जारी कर दी गई है। इस बार कॉलेज में सबसे ज्यादा कट ऑफ इकोनोमिक ऑनर्स के लिए रही है। इस कोर्स के लिए कट ऑफ 98.75% रखी गई है। इसके अलावा ह्यूमेनिटीज के लिए कट ऑफ 98% और साइंस स्ट्रीम के लिए पहली कट ऑफ 97.5% रही है।
इस सत्र के लिए इंग्लिस ऑनर्स कोर्स की कट ऑफ 97.50% निर्धारित की गई है। सबसे कम 65% कट ऑफ संस्कृत ऑनर्स की रही है। इस सत्र में सबसे ज्यादा कमी संस्कृत ऑनर्स की ही रही है। पिछले साल इस कोर्स की कट ऑफ 70% रही थी। इसके उलट इंग्लिश ऑनर्स की कट ऑफ में इस बार .25% की बढ़ोतरी हुई है।
सेंट स्टीफेंस कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कॉलेजों में से एक है। कॉलेज की एडमिशन प्रोसेस भी अन्य कॉलेजों से अलग है। कट ऑफ में स्थान पाने वाले छात्रों के लिए कॉलेज इंटरव्यू आयोजित करता है। इंटरव्यू में सफल होने वाले छात्रों का अंतिम चयन होता है। कट ऑफ में शामिल छात्र 18 जून से शुरू हो रहे इंटरव्यू की तैयारियों में जुट जाएं।