कार और बाइक के शौकीनों के लिए ऑटो एक्सपो 2018 में हर रोज कुछ न कुछ नया आ रहा है। यामाहा ने भी अपनी दमदार बाइक YZF-R3 का अपग्रेड वर्जन लॉन्च किया है। इससे पहले भी कंपनी ये बाइक लेकर आने की तैयारी में थी लेकिन BS-IV मानकों में न होने के कारण इस मॉडल को लॉन्च नहीं किया गया। शनिवार को ऑटो एक्सपो में बाइक लॉन्च के मौके पर यामाहा के ब्रॉन्ड एम्बेसडर जॉन अब्राहम भी मौजूद रहे।
यामाहा मोटर इंडिया की नई बाइक YZF-R3 इस बार कई खूबियों के साथ आई है। यामाहा ने इस बार नए कलर ऑप्शन और ग्राफिक्स दिए हैं। हांलाकि इंजन में कोई बदलाव नहीं है। बाइक में 41 bhp पावर वाला 321 सीसी का ट्विन सिलंडर लिक्विड कूल्ड इंजन दिया गया है। इस बार खास ये है कि इंजन BS-IV मानकों वाला है। बाइक में 6 स्पीड गियर बॉक्स हैं। बाइक डूअल चैनल एंटी लॉक सिस्टम के साथ आयी है।
सड़कों पर मजबूत पकड़ के लिए यामाहा ने YZF-R3 में इस बार स्टिकर मेटजेलर रेडिअल टायर्स दिए हैं। जिसमें आगे की तरफ सस्पेशन 14mm Kayaba फोर्क है और रियर में मोनोशॉक दिया गया है। बेहतरीन ब्रेकिंग के लिए दोनों टायरों में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
नई यामाहा YZF-R3 की दिल्ली में एक्स शो रूम कीमत 3.48 लाख होगी। कंपनी का कहना है कि वे बाइक राइडर की सुविधा और बाइकिंग को लाजवाब बनाने के लिए लगातार डेवलपमेंट कर रहे हैं। भारतीय सड़कों के अनुसार कंपनी आने वाले समय में और शानदार बाइक्स लेकर आएगी।

