पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का नाम उन राजनेताओं की श्रेणी में है जिन्होंने राष्ट्रहित के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। अटल जी के जीवन से प्रभावित होकर स्पैक्ट्रम मूवीज ने उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है।
बॉलीबुड में अब बायोपिक का ट्रेंड बन चुका है। सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, मैरी कॉम जैसे खिलाड़ियों की बायोपिक के बाद अब राजनेताओं की बायोपिक फिल्म निर्माताओं की पसंद बनने लगी है। बाल ठाकरे के जीवन पर फिल्म की घोषणा के बाद देश लोकप्रिय राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी की जिंदगी पर फिल्म बनने जा रही। 25 दिसंबर को उनके जन्मदिन पर स्पैक्ट्रम मूवीज ने ‘युगपुरुष अटल’ नाम से फिल्म बनाने का ऐलान किया है। फिल्म के निर्देशन मयंक पी श्रीवास्तव ने बताया कि फिल्म अटल जी के बचपन से लेकर अब तक की सभी सत्य घटनाओं पर आधारित होगी। फिल्म में उनके राजनीतिक जीवन का सत्य दिखाया जाएगा। फिल्म के लेखक बसंत कुमार ने कहा कि अटल जी जैसे व्यक्तित्व को एक फिल्म के माध्यम से दिखाना मुश्किल है, फिर भी हम फिल्म में उनके जीवन के महत्वपूर्ण पलों को शामिल करेंगे। फिल्म में अटल जी की कविताएं भी सुनने को मिलेंगी। इस फिल्म में अटल जी का किरदार कौन निभाएगा यह अभी तय नहीं हो पाया है, लेकिन संगीत बप्पी लहरी देंगे। यह फिल्म अगले साल 25 दिसंबर को अटल जी के जन्मदिन पर रिलीज होगी।
