आने वाले दिनों में आप इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में छुट्टियां बिताने जा सकते हैं। यहां बकायदा आपको 5 स्टार होटल की सुख सुविधाएं भी मिल सकेंगी। रूस की स्पेस एजेंसी ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।
रूस की स्पेस एजेंसी Roscosmos स्पेस टूरिस्टों के लिए बेहद रोचक मौका लेकर आने वाला है। ब्रिटेन के प्रमुख मीडिया संस्थान द मिरर की रिपोर्ट के अनुसार अमीर लोगों को स्पेस की सैर कराने के लिए रूस की स्पेस एजेंसी ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर चार कैबिन वाला लग्जरी सुइट तैयार करने की योजना बनाई है। इस पांच सितारा व्यवस्थाओं वाले सुइट में लॉज एरिया भी होगा। इसके अलावा मेडिकल स्टेशन, व्यायाम एरिया और वाईफाई की सुविधाएं भी होंगी। यहां दो हफ्ते तक पर्यटकों रहने के लिए 40 मिलियन डॉलर (करीब 2560800000 रुपए) खर्च करने होंगे। अगर आपको स्पेस वॉक का आनंद लेना है तो आपको अतिरिक्त 20 मिलियन डॉलर खर्च करने होंगे।
