हितेश पंत (नई दिल्ली)
राहुल द्रविड़ ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिसने अपनी सादगी और व्यवहार से हमेशा अपने साथियों के दिल में राज किया है। उन्होंने जूनियर इंडियन टीम के मुख्य कोच रहते हुए देश को वर्ल्ड कप का खिताब जिताया है। इस जीत के बाद ऐसी दरियादिली पेश की जो मिशाल बन गई। राहुल द्रविड़ ने अपनी इनाम राशि कम कराकर उसे साथियों में बांटने का फैसला किया।
राहुल द्रविड़ हमेशा सादगी और ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं। बीते दिनों न्यूजीलैंड में हुए अंडर 19 विश्व कप में राहुल द्रविड़ इंडियन टीम के मुख्य कोच रहे। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और कोच पर इनाम की बौछार कर दी।
बीसीसीआई ने मुख्य कोच के लिए 50 लाख, टीम के खिलाड़ियों के लिए 30-30 लाख और सपोर्ट स्टाफ के लिए 20-20 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की। इनाम की राशि पर आपत्ति जताते हुए राहुल द्रविड़ ने कहा कि सपोर्ट स्टाफ और उनकी इमान राशि में अंतर नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी को समान इनाम राशि देने की आग्रह किया।
बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ की बात मान ली। अब टीम के मुख्य कोच और सपोर्ट स्टाफ सभी को 25-25 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इस फैसले के बाद राहुल को 25 लाख रुपए का नुकसान तो होगा, लेकिन हर किसी के दिल में राहुल द्रविड़ के प्रति सम्मान कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने सिर्फ अपना नहीं सोचा, बल्कि टीम के हर सदस्य का ख्याल रखा।
