वित्त मंत्री अरूण जेटली ने वर्ष 2018-19 के लिए गुरुवार को आम बजट पेश किया। युवाओं के लिए बजट में कुछ खास व्यवस्थाएं की गई हैं। रोजगार के मौके बढ़ाने से लेकर स्कॉलशिप देने तक की घोषणा इस बजट में की गई है। इसके अलावा युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी के लिए ट्रेनिंग देने की बात भी कही गई है।
वित्त मंत्री के बजट भाषण में युवाओं के लिए कई नई घोषणाएं हुई। बजट में सरकार रोजगार के मुद्दे पर बेहद गंभीर दिखी। अरुण जेटली ने कहा कि नए साल में युवाओं को करीब 70 लाख रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। ये अवसर निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में होंगे। नौकरी के काबिल बनाने के लिए लगभग 50 लाख युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की तरफ से ट्रेनिंग भी दी जाएगी। वित्त मंत्री ने ये भी कहा कि नेशनल ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत 50 लाख मेधावी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था की जाएगी।
बजट में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार ने युवाओं के लिए खास इंतजाम किए हैं। बीटेक करने वाले छात्रों के लिए नई पहल हुई है। अब बीटेक कोर्स में बेहतर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए पीएम रिसर्च फैलोशिप प्लान शुरू किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए बारवीं के बाद इंटीग्रेटेड बीएड प्रोग्राम भी शुरु करने की बात भी कही गयी है।
अपना व्यवसाय शुरू करने वालों के भी अवसर बढ़ाने की बात हुई है। इसके लिए मुद्रा योजना में इस बार 3 लाख करोड़ का बजट रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वरोजगार के लिए सरकारी सहयोग मिल सके।
इसके अलावा मेडिकल के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए भी अच्छी खबर है। देश में 24 नए मेडिकल कॉलेज खोलने का ऐलान किया गया है। आर्किटेक्चर की पढ़ाई के लिए भी 2 नए कॉलेज खुलेंगे। कुल मिला के केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए सौगातों का पिटारा खोला है। जरुरत है इन योजनाओं पर समय पर अमल भी किया जाए।
युवाओं के लिए इन सौगातों से भरा है नए साल का बजट