मजबूत जोड़ की तरह है इन बॉलीवुड कपल्स की लव स्टोरी

हितेश पंत (नई दिल्ली)

इसे कुदरत का कारनामा कहें या हमारी दिमागी नूरा-कुश्ती फरवरी का महीना आते ही इश्क का फितूर सर चढ़कर बोलने लगता है। इसलिए वेलेंटाइन वीक में प्यार की बात न हो तो कुछ अधूरापन सा लगता है। प्यार का मतबल आपके जो भी हो, लेकिन अगर वो एक दूसरे की इज्ज़त करता हुआ ताउम्र चलता रहे तो सही मायनों में प्यार यही है। आज आपके लिए इश्क के रंग में रंगी बॉलीवुड कुछ ऐसी फैमस लव स्टोरी लेकर आए हैं, जो सालों बाद भी अपने प्यार की डोर को मजबूती से थामे हुए है।

 

दिलीप कुमार-सायरा बानो

बॉलीवुड के सबसे उम्रदराज एक्टर दिलीप कुमार और सायरा बानो का प्यार एक मिसाल माना जाता है। दिलीप कुमार से उम्र मे करीब आधी सायरा बानो के बारे में कहा जाता है कि वो अक्सर खुदा से ये दुआ करती थीं कि “मुझे एक काबिल अभिनेत्री बना दो ताकि मैं श्रीमती दिलीप कुमार बन पाऊं।” साल 1966 में दोनों की शादी हुई। तब इस शादी का खूब प्रचार हुआ था और बड़ी धूमधाम से दोनों की शादी हुई। हालांकि दोनों के बीच एक बार विवाद भी हुआ, बावजूद इसके दोनों फिर साथ हो लिए। इतने साल बीत जाने के बाद भी दोनों एक दुसरे साथ ऐसे दिखते हैं, मानो दूरियां गंवारा न हो। कई बीमारियों से जूझ रहे दिलीप कुमार का सायरा हरदम ख्याल रखती हैं और हमेशा साथ खड़ी दिखती हैं।

 

अमिताभ बच्चन-जया भादुड़ी

बॉलीवुड के मेगा स्टार अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी को फिल्म इंडस्ट्री का सबसे आइडियल कपल माना जाता है। अमिताभ और जया की पहली मुलाकात पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में हुई थी। अमिताभ की पहचान संस्कारी और सादगी पसंद इंसानों में होती। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई। इस दौर में जया भादुड़ी फिल्म इंडस्ट्री में बुलंदियां छू रहीं थी, जबकि अमिताभ बच्चन के लिए ये संघर्षों के दिन थे। फिल्म गुड्डी की शूटिंग के दौरान दोनों की फिर मुलाकात हुई। इसी समय जया को अमिताभ से प्यार हो गया। साल 1973 में अमिताभ और जया की हिट फिल्म जंजीर आई। इस फिल्म के बाद ही दोनों ने शादी कर ली। बेहद सादगी से दोनों की शादी हुई। बताते हैं अमिताभ की तरफ से सिर्फ 5 लोग शादी में शामिल हुए थे। शादी के बाद कुछ वक्त तक दोनों ने फिल्में की लेकिन श्वेता और अभिषेक के जन्म के बाद जया बच्चन ने फिल्में छोड़ दी। इस बीच कई बार दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें भी सामने आयी। अब बुरा दौर तो सभी की जिंदगी में आता है लेकिन जहां समझ और आपसी तालमेल हो, वहां रिश्ता अटूट होता है।

 

धर्मेंद्र और हेमा मालिनी

बॉलीवुड में जट गबरू जवान की छवि वाले धर्मेंद्र और ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की लव स्टोरी कोई आसान नहीं। दोनों के प्यार से पहले धर्मेंद्र दो बच्चों के पिता थे। दरअसल फिल्मी दुनिया में एंट्री से पहले ही धर्मेंद्र की शादी प्रकाश कौर से हो गई थी। बॉलीवुड में आने के बाद लड़कियां इस गबरू जवान की दिवानी थी। हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की लव स्टोरी 1975 में शोले फिल्म के सेट से शुरू हुई। हेमा मालिनी साउथ इंडियन ब्राह्मण परिवार से और धर्मेंद दो बच्चों के बाप। अब ऐसे में समस्या का अंदाजा आप खुद लगा सकते हैं। हेमा का परिवार इस शादी के लिए कतई तैयार नहीं था। दूसरी ओर प्रकाश कौर को धर्मेंद्र और हेमा के रिश्ते से आपत्ति नहीं थी लेकिन वो तलाक भी नहीं देना चाहती थी। ऐसे में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने इस्लाम अपनाकर निकाह किया। जब ये राज खुला तो हेमा का परिवार कुछ वक्त तक उनसे खफा रहा, लेकिन बाद में अपने रीति रिवाज से उन्होंने दोनों की फिर शादी की। शादी के बाद भी दोनों कई हिट फिल्मों में साथ नजर आए। दोनों का ये साथ और प्यार अभी तक बरकरार है।

 

ऋषि कपूर और नीतू सिंह

बॉलीवुड की हिट जोड़ियों में शुमार ऋषि कपूर और नीतू सिंह ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। दोनों की प्रेम कहानी भी बहुत इंट्रेस्टिंग है। बेहद साधारण और हर मामले में ईमानदार नीतू सिंह ‘जहरीला इंसान’ फिल्म की शूटिंग के दौरान दिलफेंक इंसान ऋषि कपूर के करीब आयीं थी। ये बात खुद नीतू सिंह बताती हैं कि शादी के बाद भी ऋषि कपूर दूसरी एक्ट्रेस पर डोरे डालते थे। लेकिन नीतू सिंह के प्यार और साथ ने दोनों के रिश्ते में कोई दरार नहीं आने दी। ऋषि कपूर की फिल्म ‘झूठा कहीं का’ के बाद दोनों की सगाई हुई फिर कुछ दिन बाद शादी। शादी के बाद दोनों में अनबन की खबरें कई बार सामने आयी, लेकिन दोनों के बीच ऐसी केमेस्ट्री है कि एक दूसरे को आसानी से मना लेते हैं।

youthexpress

I am a passionate writer. I draw my imagination with words. I can write on any given topic. Currently, I am working as a freelancer and author. A creative mind that wants to explore the whole world with the power of words, heart full of emotions, mind full of creative essence.

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

IND vs SA Head To Head in T20’S IPL 2022: STAT TRACKER