हितेश पंत (नई दिल्ली)
राफेल लड़ाकू विमान को लेकर आजकल खूब हो-हल्ला मचा हुआ है। केंद्र सरकार और विपक्ष एक दूसरे को राफेल विमान सौदे पर घेरने की कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। राफेल को लेकर विवाद तो आप जानते होंगे, लेकिन क्या राफेल लड़ाकू विमान की खूबियों से आप परिचित हैं। ये बेहद खतरनाक लड़ाकू विमान कई खूबियों से लैस है।
भारत ने फ्रांस सरकार से राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का एग्रीमेंट किया है। साल 2012 में यूपीए सरकार ने सबसे पहले राफेल विमान खरीदने का सौदा किया था। उसके बाद पीएम मोदी ने साल 2015 में अपनी फ्रांस यात्रा में 36 राफेल विमान खरीदने की जानकारी दी थी। लेकिन तब से लेकर अब तक राफेल की कीमत को लेकर खींचतान चल रही है।
राफेल विमान भारतीय वायु सेना का हिस्सा बनकर उसे और मजबूती देगा। राफेल लड़ाकू विमान बेहद शक्तिशाली होने के साथ ही लड़ाई से संबंधित कई तरह के काम करने में सक्षम है। हवा से हवा में मार करने के साथ ही ये हवा से जमीन में वार कर सकता है। इतना ही नहीं राफेल में परमाणु बम गिराने की भी क्षमता है।
राफेल लड़ाकू विमान में लगा अत्याधुनिक सिस्टम दुश्मनों की लोकेशन भी बता सकता है। अपनी लोकेशन छिपाने के लिए राफेल दुश्मनों के टावर को भी जाम कर सकता है। लड़ाई चाहे ज्यादा ऊंचाई से करनी हो या कम ऊंचाई से राफेल सभी दूरियों से बेहतर मार करने में पूरी तरह से योग्य है।
दो इंजन वाला राफेल लड़ाकू विमान किसी भी मौसम में अपने काम को आसानी से अंजाम दे सकता है। करीब 10 टन वजन वाला ये विमान अपने वजन से कहीं ज्यादा गोलाबारूद ले जा सकता है। विमान उड़ान के दौरान खुद ही ऑक्सीजन बना सकता है। इसलिए इसमें ऑक्सीजन की कमी होने के गुंजाइश नहीं है। विमान कई आधुनिक मिसाइलों से लैस है।
hi