हितेश पंत (नई दिल्ली)
इस साल के फेमिना मिस इंडिया कॉन्टेस्ट के अंतिम परिणाम से पर्दा उठ चुका है। मिस इंडिया 2018 का खिताब अनुकृति वास ने अपने नाम किया है। तमिलनाडु की रहने वाली अनुकृति ने प्रतियोगिता में 29 प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ते हुए ये खिताब हासिल किया। पिछले साल की मिस इंडिया रही मानुषि छिल्लर ने अनुकृति को क्राउन पहनाया।
देश में सौंदर्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता फेमिना मिस इंडिया का आयोजन मंगलवार शाम मुंबई में हुआ। फिल्मी दुनिया की चर्चित चहरों और अन्य क्षेत्र के सितारों से सजी महफिल के बीच इस खूबसूरत प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। पिछले राउंड में देश के अलग अलग कोनों से चुनकर आयीं सुंदरियों यहां अपनी दावेदारी पेश की और बाजी हाथ लगी अनुकृति के हाथ।
तमिलनाडु की रहने वाली अनुकृति अभी फ्रेंच लैंग्वेज में बीए की पढ़ाई कर रही हैं। वे एक अच्छी डांसर भी हैं। अनुकृति का खेलों में भी इंट्रेस्ट है और उन्हें बाइक चलाने की भी शौकीन हैं। आगे चलकर अनुकृति सुपर मॉडल बनना चाहती हैं। बॉलीवुड में रितिक रोशन उनके फेवरेट एक्टर हैं और तमिल फिल्मों के एक्टर विक्रम को भी वो पसंद करती हैं।
मिस इंडिया कॉन्टेस्ट 2018 में हरियाणा की रहने वाली मिनाक्षी चौधरी फर्स्ट रनरअप रहीं। प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश की श्रेया राव को सेकंड रनर-अप घोषित किया गया। दिल्ली की गायत्री भारद्वाज और झारखंड की रहने वाली स्टेफी पटेल ने भी टॉप-5 कंटस्टेंट में अपनी जगह बनाई।
प्रतियोगिता में दिग्गज जजों की मौजूदगी में कंटस्टेंट्स ने अपनी दावेदारी पेश की। जज पैनल में एक्ट्रस मलाइका अरोड़ा, एक्टर बॉबी देओल, कुनाल कपूर, क्रिकेटर इरफान पठान और केएल राहुल शामिल रहे। इस कार्यक्रम को करन जौहर और आयुष्मान खुराना ने होस्ट किया।