जैसा कि हम सभी जानते है कि गर्मी का मौसम दस्तक दे चुका है। जहां इस मौसम में शरीर को ठंडा और तरोताजा रखने के लिए पुदीना सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है। क्योंकि पुदीना खाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। जो हर तरह से सेहत को लाभ पहुंचाता है।
खास बात
वैसे तो आपने पुदीने की चटनी, रायता, पराठा जैसे कई व्यंजनों में आपने पुदीने का इस्तेमाल किया होगा लेकिन क्या आपने कभी पुदीना कचौरी का नाम सुना है। अगर नहीं तो आज हम आपको इसकी रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। इसे आप घर पर बड़ी ही आसानी से बना सकते हैं। पुदीना कचौरी बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत और पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें पुदीना बहुत पसंद है तो आप पुदीने की कचौरी बनाकर जरूर खाएं। आइए जानते है कि कैसे आप पुदीने की कचौरी घर पर बना सकते है।
चाहिए ये सामग्री
- मैदा – 4 कप
- पुदीना – 1 कप
- जीरा – 1 बड़ा चम्मच
- हरी मिर्च – 2
- बेकिंग सोडा – 2 छोटे चम्मच
- नमक स्वाद अनुसार
- तेल – 3 कप
- अदरक – 1/2 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- सौंफ पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- हींग – स्वादानुसार
ये है बनाने का तरीका
सबसे पहले पुदीने की पत्तियों को अच्छे से साफ कर लें और उन्हें काट कर अलग रख दें। अब एक बर्तन में मैदा लें और उसमें जीरा, बेकिंग सोडा, हरी मिर्च और नमक डालकर पुदीना के साथ आटा गूंथ लें। अब इसे ढककर करीब 10 से 12 मिनट के लिए अलग रख दें। फिर 12 मिनिट के बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर कचौरी बेल लें। अब इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें और इसे अच्छे से फ्राई कर लें आपकी पुदीना कचौरी तैयार है। अब इसे अचार या चटनी के साथ प्लेट में निकाल लें और गरमागरम सर्व करें। जो खाने में बहुत ही मजा देगी।
