हितेश पंत (नई दिल्ली)
योग भारत की सांस्कृतिक पहचान है। सिर्फ भारत ही नहीं पूरी दुनिया योग के महत्व का लोहा मानती है। आज अंतरराष्ट्रीय रोग दिवस के अवसर पर दुनियाभर के देश योग के रंग में रंगे नजर आए। भारत में भी जमीन से लेकर पानी और आसमान में योग के करतब देखे गए। सैन्य बलों के जवानों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए अद्भुद योगाभ्यास से सबको चकित कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में योग कर लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। 12 हजार फीट से लेकर 19,000 फीट तक की ऊंचाई में आईटीबीपी के जवानों ने योगासन किए। लद्दाख में कड़कड़ाती ठंड में बर्फ के ऊपर योग करते जवानों की तस्वीर सभी को स्वास्थ्य के लिए प्रेरित करने वाली है।
योग दिवस से एक दिन पहले भारतीय वायुसेना के जवानों ने भी लोगों को जागरूक करने के लिए आसमान में योगासन किया। वायुसेना के पैराट्रॉपर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के प्रशिक्षकों ने जमीन से 15,000 फीट की ऊंचाई में योग किया। देश को स्वास्थ्य, खुशी और सद्भाव का संदेश देने वाले वायुसैनिकों का ये करतब वाकई कमाल का रहा।
नौसेना के जवानों ने भी कुछ खास तरीके से योगाभ्यास किया। नेवी के रिटायर हो चुके आईएनएस विराट पर नौसेना के उच्च अधिकारियों संग नौसैनिकों ने योग किया। इसके अवाला आईटीबीपी के जांबाजों ने पानी के अन्दर भी योग किया। अरुणाचल प्रदेश की दिगारू नदी में आईटीबीपी के जवानों ने नदी योग किया।


