राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध मुगल गार्डन राष्ट्रीय उद्यानोत्सव से साथ आज से खुल गया है। मंगलवार से ये गार्डन आम लोगों के प्रवेश के लिए भी खोल दिया जाएगा। इस बार आप गार्डन में 135 तरह के गुलाब, 10,000 ट्यूलिप और रेनिनकुलस का दीदार कर सकेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रीय उद्यानोत्सव की शुरूआत की। आम लोगों के लिए मुगल गार्डन 6 फरवरी से लेकर 9 मार्च तक खुला रहेगा। इन दिनों के बीच आप सुबह 9.30 बजे से शाम 4 बजे तक आप यहां के रंग-बिरंगे फूलों का दीदार कर सकते हैं। लेकिन इस बीच पड़ने वाले हर सोमवार को आप यहां नहीं जा सकते। क्योंकि सोमवार को मुगल गार्डन रखरखाव के चलते बंद रहेगा। इसके अलावा होली के दिन भी मुगल गार्डन में एंट्री नहीं होगी।
राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अशोक मलिक ने बताया कि इस बार के वार्षिक उद्यानोत्सव में नीदरलैंड से मंगाए गए 10,000 ट्यूलिप बल्ब लोगों को विशेष रूप से आकर्षित करेंगे। इसके अलावा यहां 135 तरह के गुलाब और कई तरह के मौसमी फूल भी गार्डन की शोभा बढ़ा रहे हैं।
राष्ट्रपति भवन के इस गार्डन को चार अलग अलग भागों में बांटा गया है। जहां फूलों के साथ विभिन्न तरह की औषधियों के पौधों से भरा औषधि उद्यान है। इसके अलावा यहां बायोडाइवर्सिटी पार्क भी है। आम लोगों के पार्क में प्रवेश और निकास की व्यवस्था प्रेसीडेंट एस्टेट के गेट नंबर 35 से की गई है।
इस बार मुगल गार्डन में होगा इन खास फूलों का दीदार