भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान, भारत की धाकड़ गर्ल , रानी रामपाल को गुरुवार को ‘ द वर्ल्ड गेम्स ‘ के द्वारा विश्व के प्रतिष्ठित ‘ वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर’ के पुरस्कार से नवाजा गया है। रानी रामपाल ना केवल भारत की बल्कि विश्व की पहली ऐसी महिला हॉकी खिलाड़ी है जिन्हे इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है।
आपको बता दें कि द वर्ल्ड गेम्स ने विश्व भर के खेल प्रेमियों द्वारा 20 दिनों के ऑनलाइन वोटिंग के बाद विजेता की घोषणा की है, जिसमे भारतीय हॉकी टीम की कप्तान को सर्वाधिक मतो के आधार पर विजेता चुना गया है। उन्हें यह पुरस्कार वर्ष 2019 के लिए दिया गया है।
वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर 2019
Highly thankful to each one of you for all the love & support that you have showered on me.Truly blessed & grateful on winning such a prestigious award ‘World Games Athlete of the Year 2019’. Spl. thanks to @FIH_Hockey for nominating me. Thank u @TheHockeyIndia @KirenRijiju sir
— Rani Rampal (@imranirampal) January 30, 2020
द वर्ल्ड गेम्स के बयान के मुताबिक, “भारतीय हॉकी की सुपरस्टार रानी वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर 2019 हैं। रानी 199477 मतों की प्रभावशाली संख्या के साथ वर्ष की खिलाड़ी बनने की दौड़ में स्पष्ट विजेता के रूप में उभरीं। इसमें जनवरी में 20 दिनों में विश्व भर के खेल प्रेमियों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी के लिए मतदान किया। इस दौरान कुल 705610 मत पड़े।”
आपको बता दें कि रानी रामपाल के आस पास कोई भी खिलाड़ी टक्कर देने जैसा भी नहीं दिखा। उनमें और अन्य खिलाड़ियों के बीच वोटो का बड़ा अंतर देखने को मिला।
रानी के लिए साल रहा यादगार
रानी रामपाल के लिए पिछला साल बेहद दिलचस्प रहा है। पिछले साल भारत ने एफआइएच सीरीज फाइनल्स जीता था और रानी को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। रानी की अगुआई में ही भारत ने तीसरी बार ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालीफाई किया। हाल में भारतीय हॉकी कप्तान को उनके बेहतरीन योगदान के लिएपद्मश्री सम्मान के लिए भी चुना गया था। पदमश्री पुरस्कार के लिए चुनी गई रानी ने कहा, ‘मैं यह पुरस्कार पूरे हॉकी समुदाय, मेरी टीम और मेरे देश को समर्पित करती हूं।”
“यह सफलता हॉकी प्रेमियों, प्रशंसकों, मेरी टीम, प्रशिक्षकों, हॉकी इंडिया, मेरी सरकार, बॉलीवुड के दोस्तों, साथी खिलाडि़यों और देशवासियों के प्यार व समर्थन से ही संभव हो पाई, जिन्होंने मेरे लिए लगातार वोट किया। मुझे इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामित करने के लिए एफआइएच का विशेष आभार। वर्ल्ड गेम्स फेडरेशन का इस सम्मान के लिए आभार।”
विभिन्न खेलों के 25 खिलाड़ी थे शामिल
इस पुरस्कार के लिए विभिन्न खेलों के 25 खिलाडि़यों को नामित किया गया था। एफआइएच ने रानी के नाम की सिफारिश की थी। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआइएच) ने ट्वीट करके रानी को बधाई दी। पुरस्कार की इस दौड़ में यूक्रेन के कराटे खिलाड़ी स्टेनिसलाव होरुना 92000 से ज्यादा मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कनाडा की पावरलिफ्टिंग विश्व चैंपियन रिया स्टिन तीसरे स्थान पर रहीं।
