भारतीय क्रिकेट टीम के अब तक के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में तो हर कोई अपनी राय रखता है लेकिन क्या आपको पता है कि वह विश्व के सबसे अच्छे कप्तान माने जाते हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान कप्तान विराट कोहली ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के विषय में कुछ बड़े बयान दिए जिसे जान कर धोनी के फैंस काफी प्रसन्न होंगे।
विराट कोहली ने अपने बयान में कहा है कि उनके और महेन्द्र सिंह धोनी के बीच बहुत विश्वास और सम्मान है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि धोनी एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैदान पर पहली गेंद से लेकर मैच की 300वीं गेंद तक की क्रिकेट को सबसे बेहतर समझने का हुनर रखते हैं। हाल ही में इंडिया टुडे के एक विशेष इंटरव्यू के दौरान विराट कोहली ने कहा कि वह खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि उनके पास स्टंप के पीछे महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ी हैं। फिर भी यह देखना हम सबके लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि बहुत से लोग उनकी आलोचना करते हैं जो कि निन्दनीय है।
वर्ष 2017 की शुरुआत में धोनी ने वनडे और टी-20 की कप्तानी छोड़ी और तब कोहली ने टीम इंडिया की कमान संभालते हुए यह कहा था कि महेन्द्र सिंह धोनी हमेशा उनके कप्तान रहेंगे। यह देखने को भी मिलता है, धोनी हमेशा ही मैदान में कोहली के दो स्पिनरों कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल का मार्गदर्शन करते हुए नजर आते हैं मैदान में धोनी के हर शब्द पर दोनों कलाई के स्पिनरों ने बहुत बार कामयाबी हासिल की है। इतने सब के बावजूद वर्ष 2017-18 में धोनी उनके खराब फ़ॉर्म होने पर उन्हें कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, कई क्रिकेट के जानकारों ने उनकी स्ट्राइक रेट पर भी सवाल उठाए, तब स्वयं विराट कोहली धोनी के बचाव में उनकी आलोचनाओं के प्रतिउत्तर दिये।
इंडिया टुडे के इंटरव्यू में विराट कोहली ने कहा कि मैं यह नहीं कहूंगा कि टीम में एमएस धोनी का होना उनके लिए एक सुविधाजनक चीज है, बल्कि मैं इसलिए भाग्यशाली हूं क्योंकि हमारे पास स्टंप के पीछे धोनी जैसे अतुलनीय क्रिकेटिंग माइंड वाले व्यक्ति मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मैं अपनी टीम के मैनेजमेंट की अधिकतर रणनीतियों में माही भाई और रोहित के साथ शामिल होना चाहता हूं।
कोहली ने बताया कि डेथ ओवर में मुझे अपनी टीम के लिए कुछ करने के लिए मुझे आउटफील्ड में रहना होगा। उस वक्त मैच सब ऑटो मोड में चला जाता है और महेंद्र सिंह धोनी खुद ही कमान संभाल लेते हैं। धोनी फील्ड प्लेसमेंट और गेंदबाजी में बदलाव के सभी एंगल को जानते हैं, पिच की गति जानते हैं और इसीलिए वहां उनसे बेहतर और कोई नहीं है। कोहली ने यह भी कहा कि मैं कभी नहीं भूल सकता हूँ कि एमएस धोनी मेरे संघर्ष के दौरान मेरे साथ कैसे बने रहे हैं, मैं उनका आभारी हूँ। हमारे बीच बहुत ही सम्मान और विश्वास का संबंध है फिर भी लोग आलोचनाएँ करते नहीं थकते हैं।
कोहली ने अपने बयान में यह भी कहा कि जब मैं टीम में आया था उनके पास कुछ मैचों के बाद मेरे स्थान पर दूसरे खिलाड़ियों को आजमाने का विकल्प था। हालांकि मैंने अपने मौके को भुनाया, लेकिन मुझे उनका समर्थन मिलना बहुत जरूरी था। उन्होंने मुझे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका दिया जबकि युवा खिलाड़ियों को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका नहीं मिलता है।

