जैसा कि हम सभी जानते है कि हिंदी कैलेंडर के अनुसार आश्विन मास में शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक शारदीय नवरात्रि बड़े ही धूम-धाम से पूरे देश में मनाया जाता है। जहां लोग जमकर पूजा-अर्चना करते है। वहीं, अगले दिन विजयादशमी मनाई जाती है। इस दिन को दशहरा भी कहा जाता है। बता दें कि शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है।
पूरे देश में होता है उत्सव का माहौल
जहां इस मौके पर पूरे देश में उत्सव का माहौल होता है। वहीं, आदिशक्ति मां दुर्गा की पूजा सभी स्थानों पर भक्ति के साथ की जाती है। शारदीय नवरात्रि के दौरान, लोग मां के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए देश भर में स्थित दुर्गा मंदिरों में जाते हैं। अगर आप भी शारदीय नवरात्रि घूमने का प्लान कर रहे हैं तो देश की इन जगहों पर जरूर जाएं। जहां जाकर आपका मन प्रसन्न हो जाएगा। आइये जानते है उस जगह के बारे में।
विधिविधान से होती है माता की पूजा
क्या आप ये जानते है कि पश्चिम बंगाल दुर्गा पूजा के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। क्योकि यहां भव्य तरीके से मां का आवाहन किया जाता है। इस अवसर पर विधि विधान से माता की पूजा की जाती है। कहा जाता है कि महाराष्ट्र में जिस तरह से गणपति पूजा की जाती है। इसी तरह, बंगाल में बड़े ही धूम-धाम से दुर्गा पूजा मनाई जाती है। हर घर में कलश की स्थापना कर मां की पूजा की जाती है।
गुजरात में होता है डांडिया का आयोजन
इसके लिए लोगों की प्राथमिकता पश्चिम बंगाल में नवरात्रि मनाना है। वहीं, गुजरात में भी नवरात्रि के मौके पर डांडिया का आयोजन किया जाता है। वर्तमान में यह मुंबई में भी लोकप्रिय है। नवरात्रि के नौ दिनों में उत्सव की शुरुआत आरती से होती है। इस अवसर पर गरबा का आयोजन किया जाता है। इसमें माता का आह्वान किया जाता है। जहां लोग जमकर गरबा का आनंद उठाते है।
छत्तीसगढ़ भी है मशहूर
छत्तीसगढ़ में स्थित बस्तर में दुर्गा पूजा भव्य और पारंपरिक तरीके से मनाई जाती है। 52 शक्तिपीठों में से एक दंतेवाड़ा में स्थित है। इस शक्तिपीठ मंदिर को दंतेश्वरी मंदिर कहा जाता है। इस अवसर पर रथ यात्रा भी निकाली जाती है। वहीं मां को महुआ के लड्डू का भोग लगाया जाता है। इसके अलावा आप मुंबई, वाराणसी, कुल्लू मनाली आदि जगहों पर जा सकते हैं। जहां आपको सभी जगह पर अलग-अलग तरह का मजा मिलेगा।