पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नए अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। पूर्व क्रिकेटर बृजेश पटेल से दौड़ में उन्हें आगे माना जा रहा है। बीसीसीआई अध्यक्ष पद की रेस में सौरव गांगुली और बृजेश पटेल सबसे आगे चल रहे हैं।
सचिव पद पर जय शाह का नाम आगे
सचिव पद पर जय शाह का नाम सबसे आगे है। आपको बता दें कि जय शाह बीजेपी अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह के बेटे है। जय शाह को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का सचिव नियुक्त किए जाने की तैयारी हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई की राज्य इकाइयों की अनौपचारिक बैठक में जय शाह को सचिव बनाए जाने पर आम सहमति बन गई है। इसके अलावा केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय माना जा रहा है।
बीसीसीआई अध्यक्ष पद पर सौरभ गांगुली प्रबल दावेदार
हालांकि अभी तक बीसीसीआई के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर राय स्पष्ट नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई अध्यक्ष पद की रेस में सौरव गांगुली और बृजेश पटेल सबसे आगे चल रहे हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम दिन सोमवार है। बहरहाल माना जा रहा है कि सभी उम्मीदवार निर्विरोध ही अपने-अपने पद पर चयनित हो जाएंगे। लेकिन गांगुली और बृजेश के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही थी।
सौरभ गांगुली बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष
47 साल के गांगुली फिलहाल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के मौजूदा अध्यक्ष हैं। यदि वह बीसीसीआई के नए अध्यक्ष बनते हैं तो वह सितंबर 2020 तक इस पद को संभालेंगे।
सौरभ गांगुली का सफर
आपको बता दें कि सौरभ गांगुली भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकटर है। सौरभ गांगुली भारत के सफलतम कप्तानों में से एक है। उनकी आक्रामक रणनीति ने भारतीयों को विदेशी धरती पर भारतीय टीम का जबरदस्त नेतृत्व किया। इसके साथ ही सौरभ गांगुली भारतीय टीम के बेहतरीन ओपनर बल्लेबाज में से एक है।
