नया महीना अपने साथ कुछ नया जरूर लेकर आता है। मई खत्म होकर अब जून शुरू होने वाला है। और अगले महीने से कुछ ऐसे नियम बदलने वाले हैं जो आपकी जेब पर भार डाल सकते हैं। हाँ ये तय है कि ये सभी चीजें सभी पर एक जैसा असर नहीं डालेंगी।
आइए जानते हैं जून माह में ऐसा क्या-क्या बदलने वाला है जो लोगों की जेबों पर असर डालने वाला है।
महंगा होगा एसबीआई से होम लोन- इसी माह 15 मई को एसबीआई ने मार्जिनल कॉस्ट-बेस्ड लेंडिंग रेट को 0.10 फीसदी बढ़ दिया था। आने वाले एक जून से होम लोन के एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट (EBLR) को 0.40 फीसदी बढ़ा कर 7.05 फीसदी कर दिया जाएगा।
इसी प्रकार रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) भी बढ़ कर 6.65 फीसदी हो जाएगा, यानि कि इसमे भी वही 0.40 फीसदी की वृद्धि।
मोटर गाड़ी का इन्श्योरेन्स होगा महंगा- जून से गाड़ियों का शौक थोड़ा महंगा हो जाएगा। सड़क, परिवहन, एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी एक नोटीफिकेशन से यही इशारा मिलता है। अब गाड़ियों के बीमा प्रीमियम में बढ़ोत्तरी की जा रही है।
नीचे दिए टेबल से समझिए कौनसी गाड़ी में कितना बढ़ेगा ये प्रीमियम।
| गाड़ी का प्रकार | पहले | अब |
| 1000 सीसी तक की क्षमता | 2072 | 2094 |
| 1000 से 1500 सीसी तक | 3221 | 3416 |
इसी प्रकार 3 साल के सिंगल प्रीमियम पर भी बढ़ोत्तरी की गई है। हालांकि 1500 सीसी से ऊपर की गाड़ी के प्रीमियम मे कटौती की गई है, लेकिन वो काफी मामूली है।
नहीं मिलेगा बिना हॉलमार्किंग का सोना- भारत में कई जगह धांधली चलती ही है। 14-18 कैरट सोने को 24 कैरट के दाम में बेचा जाता है और लेने वाले को पता भी नहीं चलता। इसलिए सरकार सोने पर हॉलमार्किंग को अनिवार्य कर रही है।
पहले चरण मे 256 जिलों में इसे लागू किया गया था। अब दूसरे चरण में 32 और जिलों में हॉलमार्किंग केंद्र खोले जाने की योजना है। हॉलमार्किंग से थोड़ा पैसा तो बढ़ जाएगा लेकिन चीज शुद्ध मिलने की गारंटी भी रहेगी।
इंडिया पोस्ट का ट्रांजेक्शन शुल्क- 15 जून से इंडिया पोस्ट अपने पेमेंट बैंकिंग प्लेटफॉर्म के लिए इशूअर चार्ज लेना शुरू कर रहा है। इससे होगा ये कि महीने के पहले 3 ट्रांजेक्शन तो निशुल्क रहेंगे, चौथे ट्रांजेक्शन से प्रति ट्रांजेक्शन 20 रुपये लगेंगे।
एक बात और जान लीजिए कि इंडिया पोस्ट मिनी स्टैट्मेंट निकालने को भी ट्रांजेक्शन की गिनती में ही लेगा, हालांकि उसपर 5 रुपये प्रति ट्रांजेक्शन चार्ज रहेगा। और जीएसटी अलग से रहेगा ये तो बताने वाली कोई बात ही नहीं।
एक्सिस बैंक का मिनमम बैलेंस- एक्सिस बैंक द्वारा ईजी सैविंग्स और सैलरी खातों के औसत मंथली बैलेंस की लिमिट 25 हजार कर दी गई है।
पहले ये 15 हजार हुआ करती थी। ये सेमी अर्बन और रुरल क्षेत्रों के लिए नियम है। इसी प्रकार लिबर्टी सैविंग्स अकाउंट के लिए भी लिमिट 15 से बढ़ा कर 25 हजार कर दी गई है। 01 जून से ये नियम लागू होगा।




