भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार 2 महिला ऑफिसर को वॉर शिप पर तैनाती के लिए चुना गया है। ये दो नाम हैं सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह। सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी गाजियाबाद की निवासी हैं। इन्हें हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर (एयरबॉर्न टेक्टिशियंस) के पद में शामिल होने के लिए चुना गया है। कुमुदिनी भारत की पहली महिला एयरबोर्न टेक्टीशियंस होंगी जो जंगी जहाजों के डेक से काम करेंगी। नौसेना ने इस ऐतिहासिक कदम के लिए 17 ऑफिसर्स में से इन दो को चुना है। कुमुदिनी त्यागी की इस सफलता से परिवार वाले काफी उत्साहित हैं। भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है।

यहां से कुमुदिनी ने प्राप्त की है शिक्षा
कुमुदिनी का परिवार मूलरूप से मेरठ के खरखौदा का रहना वाला है। दादा सुरेश चंद त्यागी पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे, जिन्होंने वर्ष 1985 में गाजियाबाद के संजय नगर में ही अपना मकान बना लिया था। जिसके बाद से पूरा परिवार यहीं पर रहता है। पिता प्रवेश त्यागी ने बताया कि कुमुदिनी की पूरी शिक्षा गाजियाबाद में ही हुई है। 12वीं छबीलदास स्कूल से पढ़ाई करने के बाद एबीईएस कॉलेज से कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में बीटेक किया। कुमुदिनी ने बीटेक में कॉलेज में टॉप किया था। दिसंबर 2018 में उनका भारतीय नौसेना में चयन हुआ।
डिफेंस सर्विस के लिए मल्टी नेशनल कंपनी में छोड़ा था लाखो का पैकेज
पिता ने बताया कि बीटेक करने के बाद कुमुदिनी का सिलेक्शन एक नामी कंपनी में लाखों रुपए के पैकेज पर हो गया था, लेकिन कुमुदिनी को डिफेंस सर्विस में ही जाना था। इस कारण से उन्होंने कंपनी का लाखों रुपए का ऑफर ठुकरा दिया था। पिता के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्यों ने उसे नौकरी ज्वाइन करने के लिए कहा था, लेकिन कुमुदिनी डिफेंस सर्विस में जाने की जिद में ही डटी रहीं। उसके कुछ समय बाद ही उनका चयन भारतीन नौसेना में हो गया था।
10वीं से ही डिफेंस में जाने का बना लिया था मन
पिता ने कहा, कुमुदिनी की कक्षा 10वीं से ही आर्म्ड फोर्स में जाने की जिद थी। इसके लिए उसने दिनरात मेहनत की। वह जब भी काम से घर लौटे तो हमेशा कुमुदिनी को पढ़ते ही मिलती थी। आज वह मेहनत रंग ला रही है। पिता ने बताया कि बेटी अक्सर एक ही बात कहती थी कि पापा वर्दी की नौकरी करनी है वह भी ऊंचे पद पर, जिससे आपको नाज हो। सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर (एयरबोर्न टेक्टिशियंस) के पद के लिए चुना गया है। दोनों महिलाएं नौसेना के 17 अधिकारियों के एक समूह का हिस्सा हैं।


