रोहित शर्मा की दमदार पारी के चलते भारत ने जीता दूसरा टी 20 मुकाबला

गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान रोहित शर्मा की (85) बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने गुरुवार को राजकोट में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 इंटरनैशनल मैच में बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। एससीए स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर मेहमान टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। बांग्लादेश को मोहम्मद नईम (36) और लिटन दास (29) ने अच्छी शुरुआत दी लेकिन बांग्लादेशी टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर मात्र 153 रन ही बना पाई।

इसके बाद भारत ने 15.4 ओवर में 2 विकेट पर 154 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली।

नईम-लिटन की अच्छी शुरुआत

मोहम्मद नईम और लिटन दास ने पहले विकेट के लिए 7.2 ओवर में 60 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। शुरुवात में बांग्लादेशी टीम ने तेजी से रन जोड़े।

नईम और लिटन को मैदान पर भारत की गलतियों का फायदा भी मिला। लिटन ने दीपक चाहर के पहले ओवर में ही चौका लगाया जबकि नईम ने खलील अहमद (44 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार तीन चौकों के साथ किया।

ऋषभ पंत की अपरिपक्वता

रोहित ने छठे ओवर में गेंद लेग स्पिनर चहल को थमाई और उन्होंने तीसरी ही गेंद पर लिटन को स्टंप करा दिया। यहां पर भी हालांकि विकेटकीपर ऋषभ पंत की अपरिपक्वता दिखी जब मैदानी अंपायरों ने थर्ड अंपायर का सहारा लिया और रीप्ले में दिखा कि पंत ने विकेटों के आगे से ही गेंद को पकड़ लिया था। नियम के अनुसार ग्लव्स का कोई हिस्सा विकेट से आगे नहीं होना चाहिए और ऐसे में लिटन को नाटआउट घोषित किया गया।
लेकिन इसके बाद जल्द ही भारत को पहली सफलता मिल गई।

रोहित शर्मा की दमदार पारी

रोहित शर्मा की

कप्तान कोहली की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपना दम दिखाया। उन्होंने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 85 रन बनाए। रोहित ने मात्र 43 गेंदों की अपनी पारी में ताबड़तोड़ 6 छक्के और 6 चौके जड़े। रोहित को अमीनुल ने शिकार बनाया और सब्स्टीट्यूट मोहम्मद मिथुन ने उनका कैच लपका। भारत का दूसरा विकेट 125 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद लोकेश राहुल (6*) और श्रेयस अय्यर (11*) ने टीम को आसानी से जीत दिला दी।

बांग्लादेश के तरफ से दोनों विकेट अमीनुल इस्लाम ने झटके।

रोहित शर्मा की उपलब्धि

रोहित शर्मा इस मैच में उतरने के साथ ही 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलने वाले भारत के पहले जबकि दुनिया के दूसरे पुरुष क्रिकेटर बने। आपको बता दें कि पाकिस्तान के शोएब मलिक एकमात्र पुरुष क्रिकेटर हैं जिन्होंने 100 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनके नाम पर 111 मैच दर्ज हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी अन्य खबरों के लिए लाइक करें यूथ एक्सप्रेस को

Sumit Shukla

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

IND vs SA Head To Head in T20’S IPL 2022: STAT TRACKER