क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच 16 जून को मैच खेला जाएगा। मैनचेस्टर में होने वाले इस मैच का इंतजार दोनों देशों की जनता के अलावा दुनियाभर के करोड़ों क्रिकेट फैन्स को भी है। विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अबतक 6 मुकाबले हुए हैं और सभी में भारत को ही जीत मिली है। खास बात ये है कि इन छह में से पांच बार भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग को चुना और 4 बार पाकिस्तान को ऑलआउट भी कर दिया। विश्व कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की शुरुआत साल 1992 में ऑस्ट्रेलिया–न्यूजीलैंड में हुए वर्ल्ड कप से हुई थी। इस खबर में हम आपको वर्ल्ड कप में भारत–पाकिस्तान के बीच अबतक खेले गए मैचों के बारे में ही बता रहे हैं।
वर्ल्ड कप में भारत–पाकिस्तान का पहला मुकाबला तारीख 4 मार्च 1992
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में हुए इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवरों में 7 विकेट पर 216 रन बनाए थे। जिसमें अजय जडेजा (46), सचिन तेंदुलकर (54*) और कपिल देव (35 रन) ने अच्छी पारी खेली थी। पाकिस्तान के लिए मुश्ताक अहमद ने 3 और आकिब जावेद ने 2 विकेट लिए थे। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी पाकिस्तानी टीम 48.1 ओवर में 173 रन पर ढेर हो गई थी। भारत की ओर से कपिल देव, मनोज प्रभाकर और जवागल श्रीनाथ तीनों ने 2-2 विकेट लिए थे। भारत ने ये मैच 43 रन से जीता था। सचिन (62 बॉल, 54 रन) को उनकी शानदार बैटिंग के लिए ‘मैन ऑफ द मैच‘ चुना गया था।
वर्ल्ड कप का ये मैच भारतीय विकेटकीपर किरण मोरे और पाकिस्तानी ओपनर जावेद मियांदाद के बीच हुई झड़प के लिए याद किया जाता है। पाकिस्तानी पारी के दौरान किरण मोरे के कमेंट्स से परेशान मियांदाद ने उछलकर अपना गुस्सा जताया था।
वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का दूसरा मुकाबला तारीख- 9 मार्च 1996
बेंगलुरु में हुए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 287/8 रन बनाए थे। जिसमें नवजोत सिद्धू (93), अजय जडेजा (45) और सचिन (31) ने अहम पारी खेली थी। जवाब में पाकिस्तानी टीम 248/9 रन ही बना सकी थी। भारत की ओर से वेंकटेश प्रसाद और अनिल कुंबले ने 3-3 विकेट लिए थे। भारत ने ये मुकाबला 39 रन से जीता था। सिद्धू (115 बॉल, 93 रन) को उनकी शानदार पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच‘ चुना गया था।
इस मैच को वेंकटेश प्रसाद और आमिर सोहैल के बीच हुई इशारेबाजी के लिए याद किया जाता है। सोहैल ने प्रसाद की बॉल पर चौका लगाकर बैट दिखाया था, जवाब में प्रसाद ने सोहैल को आउट करने के बाद उन्हें उंगली दिखाते हुए पवेलियन जाने का इशारा किया था।
वर्ल्ड कप में भारत–पाकिस्तान का चौथा मुकाबला तारीख– 1 मार्च 2003
विश्व कप मुकाबलों में अबतक भारत के खिलाफ टॉस जीतने के लिए तरस रही पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन में खेले गए इस मुकाबले में पहली बार टॉस जीता। जिसके बाद उसने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवरों में 273/7 रन का स्कोर बनाया। जिसमें सईद अनवर ने 101 रन की पारी खेली। जवाब में भारत ने 45.4 ओवरों में 4 विकेट पर 276 रन बनाकर मैच जीत लिया था। भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर ने जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और 75 बॉल पर 98 रन बनाए थे। उनके अलावा राहुल द्रविड़ ने 44* और युवराज सिंह ने 50* रन की पारी खेली थी। भारत ने ये मैच 6 विकेट से जीता था। सचिन को उनकी बेहतरीन इनिंग के लिए ‘मैन ऑफ द मैच‘ चुना गया था।
इस मैच में पाकिस्तान के शतकवीर बल्लेबाज सईद अनवर का विकेट लेने के बाद आशीष नेहरा ने उन्हें उंगली दिखाकर जाने का इशारा किया था, जवाब में अनवर ने नेहरा को घूरकर देखा था
वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का पांचवां मुकाबला तारीख- 30 मार्च 2011
चंडीगढ़ में पाकिस्तान के खिलाफ हुए विश्व कप के इस मुकाबले में टॉस एकबार फिर भारत ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 260/9 रन बनाए। जिसमें सचिन ने सबसे ज्यादा 85 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी पाकिस्तानी टीम 49.5 ओवरों में 231 रन पर ढेर हो गई। इस मैच में भारत की ओर से पांच गेंदबाजों ने गेंदबाजी की थी और सभी को 2-2 विकेट मिले थे। जिसकी बदौलत भारत ने ये मैच 29 रन से जीत लिया था। सचिन को उनकी पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच‘ चुना गया था।
वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का छठा मुकाबला तारीख- 15 फरवरी 2015
ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर में खेले गए इस मैच में टॉस एकबार फिर भारतीय टीम ने जीता और पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवरों में 7 विकेट पर 300 रन बनाए। जिसमें विराट कोहली ने 107, सुरेश रैना ने 74 और शिखर धवन ने 73 रन की इनिंग खेली थी। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी पाकिस्तानी टीम 47 ओवरों में 224 रन पर ढेर हो गई थी। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने जबरदस्त बॉलिंग की और 9 ओवरों में 35 रन देकर 4 विकेट झटके थे। मैच में विराट (126 बॉल पर 107 रन) को उनकी इनिंग के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच‘ चुना गया था.
PAK के खिलाफ जीत के लिए सब कुछ झोंक देंगे: कोहली
न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 का मैच धुलने के बाद अब टीम इंडिया का अगला टारगेट पाकिस्तान है. भारत को अपना अगला मैच रविवार 16 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है.
चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप के हाई प्रोफाइल मैच से पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि ‘उस मैच में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे.
विराट कोहली ने कहा, ‘पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में हमारे खिलाड़ियों का सबसे बेस्ट प्रदर्शन सामने आएगा. उन्होंने कहा, ‘कई वर्षों से यह मुकाबला काफी कड़ा होता आ रहा है. यह दुनिया के सबसे शानदार मैचों में से एक होता है. इसमें खेलना गर्व की बात है.’
कोहली ने कहा, ‘वर्षों से हमारे मुकाबले काफी कांटेदार रहे हैं. दुनिया भर के लोगों में इस मैच को लेकर रूचि रहती है और इतने बड़े मैच का हिस्सा होना गर्व की बात है.’
कोहली ने कहा, ‘इस मैच में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे. हमें पता है कि हम मानसिक तौर पर पूरी तरह तैयार है. हमें पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर जाकर रणनीति पर अमल करना है
केन विलियमसन मैच के धुलने से नहीं हैं बिल्कुल भी हैरान
भारत बनाम न्यूजीलैंड: जहां विराट कोहली (Virat Kohli) ने मैच के रद्द होने पर निराशा जाहिर की, तो वहीं न्यूजीलैंड कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने कहा कि वह मैच के रद्द होने से बिल्कुल भी हैरान नहीं हैं.
मैच रद्द होने की घोषणा के बाद विलियम्सन ने कहा, “हम यहां चार दिन से हैं और हमने सूरज नहीं देखा है इसलिए इस मैच के रद्द होने से ज्यादा हैरान नहीं हूं। यह अच्छी स्थिति नहीं है लेकिन साथ ही हमें कुछ समय आराम से बिताने को भी मिल गया जो जरूरी था. हमें ब्रेक मिला है जो मुझे लगता है कि हमारे लिए अच्छा होगा. इसमें हमें अपने आप को तरोताजा करने का मौका मिलेगा“. विलियमसन ने टिम सउदी और हेनरी निकोलस की चोट के बारे में कहा, “वह दोनों अच्छी तरह से चोट से उबर रहे हैं“.






