संदीप माहेश्वरी और विवेक बिंद्रा का विवाद अभी थमा भी नहीं था, कि विवेक बिंद्रा एक और मुसीबत में फंस गए। उन पर अपनी पत्नी से मारपीट का आरोप लगा है जिसकी FIR भी दर्ज हो चुकी है।
शादी के अगले ही दिन पत्नी से मारपीट!
विवेक बिंद्रा ने 6 दिसंबर 2023 को गाजियाबाद की यानिका से शादी की थी। जानकारी के अनुसार विवेक ने शादी के अगले ही दिन पत्नी से मारपीट की, जिसकी शिकायत 14 दिसंबर को नोएडा, सेक्टर-126 के थाने में दर्ज कराई गई, हांलाकि इसका खुलासा संदीप माहेश्वरी से हुए विवाद के बाद हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो वीडियो वायरल जमकर हो रहे हैं इनमें से एक में विवेक बिंद्रा और उनकी पत्नी के बीच नोंकझोंक होती दिखाई दे रही है तो वहीं दूसरा वीडियो यानिका का है, जिसमें वो अपने शरीर पर लगी चोटें दिखा रही हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसके वीडियो पोस्ट किए हैं।
यानिका के भाई ने जो FIR दर्ज कराई है उसमें कहा गया है कि विवेक और उनकी मां के बीच हुई कहासुनी में बीच-बचाव करने पर विवेक ने यानिका को बुरी तरह पीटा। इस वजह से यानिका के कान में चोट लग गई और सुनाई देना बंद हो गया और भी कई चोटें आई। नोएडा पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
संदीप माहेश्वरी के साथ क्यों हुआ विवाद ?
दोनों मशहूर यूट्यूबर्स के बीच की ये जंग पिछले कई दिनों से चर्चा में है और इसकी शुरुआत संदीप माहेश्वरी के एक यूट्यूब वीडियो से हुई जिसमें कुछ छात्रों ने एक बड़े यूट्यूबर पर बिजनेस सिखाने के एवज में 50 हजार रुपए तक लेने का आरोप लगाया और कहा कि इससे उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ। हांलाकि छात्रों ने यूट्यूबर का नाम नहीं लिया था। यहां आपको बता दें कि विवेक बिंद्रा बड़ा बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ हैं और यूट्यूब के जरिए लोगों को बिजनेस के गुर सिखाते हैं।
इस वीडियो को संदीप माहेश्वरी ने ‘BIG SCAM EXPOSED’ टाइटल से अपलोड़ किया। जिसके बाद विवेक बिंद्रा की इसमें एंट्री हुई और उन्होंने भी यूट्यूब वीडियो अपलोड कर संदीप माहेश्वरी को ओपन चैलेंज कर दिया। इसके बाद तो दोनों के बीच वीडियो के जरिए लंबी जंग छिड़ गई।
फिलहाल नोएडा पुलिस पत्नी से मारपीट के आरोप में जांच कर रही है हांलाकि इस बारे में पुलिस ज्यादा कुछ नहीं बोल रही है और ना ही विवेक बिंद्रा का अभी इस पर कोई रिएक्शन आया है।

