भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (16/6) दूसरे टेस्ट मैच में भी वेस्ट इंडीज के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ हैटट्रिक सहित 6 विकेट झटके, वह भी मात्र 16 रन देकर।
बुमराह ने यह कारनामा पारी के 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर डारेन ब्रावो (4), तीसरी गेंद पर शाहमार ब्रूक्स (0) और चौथी गेंद पर रोस्टन चेज (0) को आउट कर किया। स्टंप्स होने तक वेस्ट इंडीज की टीम 33 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी और भारत पास 329 रनों की भारी भरकम बढ़त हासिल है।
बता दें कि भारतीय टीम ने पहली पारी में हनुमा विहारी (111) के पहले टेस्ट शतक की बदौलत 140.1 ओवरों में 416 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
पहले टेस्ट मैच में भी बुमराह ने कमाल किया था
आपको बता दें कि एंटीगा टेस्ट में वेस्ट इंडीज के खिलाफ मात्र 7 रन देकर 5 विकेट चटकाने वाले बुमराह किंगस्टन में भी अपनी गेंद से कहर बरपाते दिखे। वेस्ट इंडीज के गेंदबाज एक के बाद एक उनका शिकार बनते रहे। पहले टेस्ट में जहां बुमराह ने 5 विकेट लिए, वहीं दूसरे टेस्ट में वेस्ट इंडीज की पहली पारी में अब तक वह 6 विकेट ले चुके हैं।
टेस्ट मैच में हट्रिक लेने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी
हैटट्रिक लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज
इस तरह जसप्रीत बुमराह टेस्ट में हैटट्रिक लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने, जबकि वेस्ट इंडीज में हैटट्रिक लेने वाले पहले भारतीय बने। हैटट्रिक की बात करें तो बुमराह से पहले भारत के लिए हरभजन सिंह (रिकी पॉन्टिंग, एडम गिलक्रिस्ट और शेन वॉर्न) ने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलकाता में हैटट्रिक ली थी। वह टेस्ट में हैटट्रिक लेने वाले पहले भारतीय बने थे। उनके बाद यह कारनामा तेज गेंदबाज इरफान पठान (सलमान बट्ट, यूनिस खान और मोहम्मद यूसुफ) ने 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ किया था। यह मैच कराची में खेला गया था। ओवरऑल यह टेस्ट क्रिकेट की 44वीं हैटट्रिक है।
