राजस्थान की भावना जाट ने नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में टोकियो ओलंपिक 2020 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इन्होंने अपना ही रिकॉर्ड सुधारते हुए टोकियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है। आपको बता दें कि भावना जाट यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की दूसरी महिला एथलीट है।
नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए भावना जाट ने किया क्वालीफाई
राजस्थान की 23 साल की इस एथलीट ने 1:29.54 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता और ओलंपिक का टिकट हासिल किया जिसका क्वालीफिकेशन समय 1:31.00 सेकेंड था। किसान परिवार की भावना ने इस तरह पिछले साल अक्टूबर में राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान बनाए गए 1:38.30 सेकेंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में काफी सुधार किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी भारतीय महिला एथलीट बनीं। उनसे पहले खुशबीर कौर ने इस स्पर्धा में 2016 रियो ओलंपिक में हिस्सा लिया था। वहीं, उत्तर प्रदेश की प्रियंका गोस्वामी 1:31.36 सेकेंड के समय से ओलंपिक कट से करीब से चूक गई जिसका आयोजन 24 जुलाई से नौ अगस्त किया जाएगा।
पुराना रिकॉर्ड था इनके नाम
इससे पहले राष्ट्रीय रिकॉर्ड दिल्ली की बेबी सौम्या के नाम था जिन्होंने राष्ट्रीय पैदल चाल चैंपियनशिप 2018 (दिल्ली) में 1:31.29 सेकेंड का समय लिया था।
Big result in Women's 20km, Bhawna Jat of #Rajasthan clocks 1:29.54 (Olympic Qualification time- 1:31.00)
7th National #RaceWalk Championships 2020 #Ranchi
Priyanka Goswami narrowly miss Oly Q as she clocked 1:31.36@BhutaniRahul @g_rajaraman pic.twitter.com/ChtUexgIuw
— Athletics Federation of India (@afiindia) February 15, 2020
कोच गुरुमुख ने क्या कहा
भावना के कोच गुरमुख ने कहा कि भावना ने डोप परीक्षण के लिए नमूना दिया है जिसका मतलब यह हुआ कि उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड मान्य रहेगा। भावना इसके बाद एशियाई पैदल चाल चैंपियनशिप में भाग लेंगी जो 15 मार्च से जापान में होगी। वहीं, पुरुष वर्ग में संदीप कुमार भले ही ओलंपिक क्वालीफाई करने से चूक गए लेकिन 20 किलो मीटर का स्वर्ण जीतने में सफल रहे। संदीप 01:21.34 सेकेंड के साथ पहले स्थान पर रहे।
क्या कहा भावना जाट ने
भावना ने कहा कि मैं अभ्यास के दौरान 1:27.00 सेकेंड का समय ले रही थी। मुझे पता था कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो मैं ओलंपिक क्वालीफाइंग समय से कम समय में स्पर्धा को पूरा कर सकती हूं। यह पिछले कुछ महीने से की गई मेरी और कोच की मेहनत का नतीजा है।
मेवाड़ की लाड़ली करेगी टोक्यो में कमाल
राजस्थान के राजसमंद जिले के काबरा गांव की रहने वाली भावना जाट के प्रदर्शन ने पूरे मेवाड़ में जोश भर दिया है। आपको बता दें कि राजसमंद आदिवासी बहुल जिला है। भावना के पिता शंकरलाल जाट पेशे से किसान हैं और इसके दो बडे भाई भी है।