इस लंबे लॉकडाउन को अपने दर्शकों के लिए रोचक और मनोरंजन से भरपूर बनाने के लिए अमेज़न प्राइम ला रहा है एक ज़बरदस्त तोहफ़ा। अपको जान कर खुशी होगी कि, आने वाले दिनों में स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर सात बड़ी भारतीय फ़िल्मों का वर्ल्ड प्रीमियर होने जा रहा है। इन फिल्मों में हिंदी के साथ साथ दूसरी भाषाओं की भी फ़िल्में शामिल होंगी ।
इस बात की जानकारी अमेज़न प्राइम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है। जिसके अनुसार आने वाले वक़्त में अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की गुलाबो सिताबो और विद्या बालन की शकुंतला देवी समेत दक्षिण भारतीय भाषाओं की फ़िल्में शामिल हैं। अमेज़न प्राइम ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा है- नहीं, यह सच है। प्राइम पर सबसे बड़ा वर्ल्ड प्रीमियर।
इन फिल्मों से होगा दर्शकों का ज़बरदस्त मनोरंजन
अपको बता दें कि, 29 मई को प्राइम पर फ़िल्मों की मेगा स्ट्रीमिंग तमिल लीगल ड्रामा फ़िल्म Ponmangal Vandhal से शुरू होगी। इस फ़िल्म में ज्योतिका लीड रोल में नज़र आने वाली हैं। 12 जून को गुलाबो सिताबो आ जाएगी। मकान मालिक और किराएदार की इस मज़ेदार कॉमेडी को शूजित सरकार ने डायरेक्ट किया है। 19 जून को कीर्ति सुरेश की पेंगुइन तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी।
वहीं, 24 जुलाई को कन्नड़ फ़िल्म फ्रेंच बिरयानी आएगी। इस फ़िल्म में दानिश सैत ऑटो ड्राइवर के लीड रोल में नज़र आने वाले हैं। 26 जुलाई को तेलुगु फ़िल्म लॉ रिलीज़ होगी। फ़िल्म में कमल कामराजू और मौर्यानी लीड रोल में दिखेंगे। शकुंतला देवी की रिलीज़ डेट अभी तय नहीं है। इसके साथ ही मलयालम फ़िल्म सूफ़ियम सुजातयम की रिलीज़ डेट भी अभी तक बताई नहीं गई है। इस फ़िल्म में जयसूर्या और अदिति राव हैदरी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
हालांकि, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट फ़िल्में रिलीज़ करने को लेकर बवाल मचा हुआ है। सिनेमाघर मालिकों ने इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठानी शुरू कर दी है। आइनॉक्स मल्टीप्लेक्स चलाने वाली कंपनी द्वारा फ़िल्मों को सीधे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने पर एतराज़ जताया गया है।
14 मई को गुलाबो सिताबो की ओटीटी रिलीज़ का एलान होने के बाद आइनॉक्स की ओर से एक स्टेटमेंट जारी कर के निर्माताओं से ऐसा ना करने की अपील की गयी थी। लेकिन फिर भी दर्शकों को और इंतज़ार में ना रख कर, ऑनलाइन स्ट्रीमिंग द्वारा फ़िल्म दिखाने की सोची जा रही है। ऐसा कहा जा सकता है कि, आने वाले समय में कई बड़ी फिल्में रिलीज़ होने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म का रास्ता ही अपनाएंगी।
आदित्य की फ्लॉप फ़िल्में है ये, क्या आपने देखी है इनमें से कोई फिल्म
