दक्षिण भारतीय पकवानों में ग्रेवी और करी की लोकप्रियता के अलावा, स्वादिष्ट और पौष्टिक रोटी के भी ढ़ेरों विकल्प मिलेंगे। अप्पम, मालाबार पैरोटा से लेकर डोसे तक आप कुछ भी खाने के लिए चुन सकते हैं, इसी तरह कर्नाटक की अक्की रोटी भी काफी पसंदीदा पकवान है।
यह इतनी पौष्टिक और समृद्ध है कि इसके साथ किसी भी तरह की ग्रेवी की चाह नहीं होती। यह क्रिस्पी रोटी चावल के आटे में कद्दूकस की हुई सब्जियों और मसालों को मिलाकर बनाई जाती है। कन्नड़ में अक्की का मतलब चावल होता है। अक्की रोटी भी ‘पाथिरी’ के तरह है जिसे केरल के लोग खाते हैं।
इस प्रसिद्ध नाश्ते के व्यंजन को आमतौर पर चटनी के साथ परोसा जाता है। आप इसे दोपहर या रात के खाने में भी खा सकते हैं। क्योंकि यह सुपर लोडिड है, इसलिए यह अप्पम की तुलना में थोड़ी मोटी होती है। साउथ इंडियन रेस्टोरेंट में तो इसे आराम से ऑर्डर किया जा सकता है, पर क्या आपको पता है इसे घर में कैसे बनाया जाए?
चलिए जानते हैं इसकी घरेलू रेसिपी
सामग्री:
7 बड़े चम्मच चावल का आटा
2 छोटे चम्मच तेल
1/2 चम्मच जीरा
1 कप प्याज, बारीक कटा हुआ
आधा कप पका हुआ पालक
डेढ़ चम्मच तिल के बीज
1 छोटा चम्मच हरी मिर्च (कटी हुई)
2 टेबलस्पून ताजा धनिया पत्ता, बारीक कटा हुआ
1 कप उबला हुआ पानी
अक्की रोटी कैसे बनाएं
1. लगभग एक मिनट के लिए चावल के आटे को पैन में ड्राई रोस्ट करें। इसे एक तरफ ठंडा होने के लिए रख दें।
2. एक अन्य पैन में तेल गरम करें, उसमें प्याज, जीरा, धनिया पत्ता, हरी मिर्च और पालक डालें. एक मिनट तक पकाएं और एक तरफ रख दें।
3. अब एक कप पानी उबालें।
4. एक मिक्सिंग बाउल में, भुने हुए चावल के आटे के साथ प्याज और पालक का मिश्रण डालें। धीरे-धीरे मिश्रण में गर्म पानी डालें, और एक बार जब यह पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो इससे स्मूद आटा गूंधना शुरू करें. सुनिश्चित करें कि यह बहुत सख्त या नरम न हो।
5. आटे को 4-5 राउंड बॉल में बांट लें और इस पर थोड़ा सा सूखा चावल का आटा छिड़के।
6. अब चकले बेलन की मदद से अक्की रोटियों को गोलाकार में बेल लें, इस बात का ध्यान रखें कि यह बीच में से टूटे नहीं।
7. अब तवा गर्म करें, ब्रुश की मदद से तेल लगाएं। इस पर आराम से रोटी डालें और एक मिनट के लिए सेंके। एक मिनट के बाद स्पैचुला की मदद से पलट दें. इसे गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं।
इसी प्रक्रिया के साथ दूसरी रोटी भी बनाएं।
सर्दी के मौसम में डायबिटीज रोगियों के लिए ये हैं हैल्थी स्नैक्स
अन्य दिलचस्प फैक्ट्स जानें सिर्फ यूथ एक्सप्रेस पर
