जल्द ही आप हवाई यात्रा में इंटरनेट यूज कर सकेंगे। इतना ही नहीं हवाई यात्रा के दौरान ऑनलाइन कॉलिंग भी कर सकेंगे। ट्राई ने हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को इंटरनेट सेवा देने की सिफारिशों को मान लिया है। इसके लिए ट्राई ने कुछ शर्ते रखीं हैं।
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए विमान कंपनियों की उन सिफारिशों को मंजूरी दी है जिसके बाद यात्री हवाई यात्रा में इंटरनेट यूज कर सकेंगे। हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों का मोबाइल फ्लाइट मोड में ही रहेगा लेकिन वे विमान में उपलब्ध वाई-फाई सेवा का उपयोग कर पाएंगे। इस सुविधा के लिए ट्राई ने एक शर्त रखी है। वाई-फाई सेवा का लाभ आप तभी ले सकेंगे जब विमान 3,000 मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहा हो। मोबाइल डाटा के साथ ऑनलाइन कॉलिंग की सुविधा का लाभ भी यात्री ले सकेंगे। अब तक विमान में मोबाइल कॉलिंग और इंटरनेट की सुविधा न होने से यात्रियों को कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यात्री कई समय से विमान में मोबाइल सेवा देने की बात कंपनियों से करते रहे हैं। यात्रियों का दावा रहा है कि यात्रा पूरी होने से पहले ही वो टैक्सी की बुकिंग करना चाहते हैं, लेकिन इंटरनेट न होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना होता है। अब हवाई यात्रा में इंटरनेट सेवा मिलने के बाद लाखों यात्रियों को इसका फायदा मिल सकेगा।