देश की एक और बेटी ने विदेश में भारत का नाम ऊंचा किया है। स्कीइंग की इंटरनेशनल चैंपियनशिप में आंचल ठाकुर ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पीएम नरेंद्र मोदी ने आंचल की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।
स्की इंटरनेशनल फेडरेशन द्वारा तुर्की में आयोजित एल्पाइन एज्डेर 3200 कप में शानदार प्रदर्शन कर आंचल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने चैंपियनशिप की स्लालम रेस कैटेगरी में यह मेडल जीता है। स्कीइंग प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिताब जितने वाली आंचल भारत की पहली खिलाड़ी हैं। स्कीइंग में देश के लिए पहला पदक जीतने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने भी आंचल को बधाई दी है। पीएम ने ट्वीट कर लिखा कि “स्कीइंग प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने के लिए बधाई आंचल। पूरा देश तुर्की में आयोजित एफआईएस अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता में आपकी ऐतिहासिक उपलब्धि से बहुत खुश है। भविष्य के लिए आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।” 21 साल की आंचल हिमाचल के मनाली की रहने वाली हैं। उनके पिता रोशन ठाकुर विंटर गेम्स फेडरेशन के महासचिव है।
