इस युवा भारतीय बल्लेबाज का दुनिया में बढ़ा कद, आईसीसी ने सर्वश्रेष्ठ टीम में दी जगह

आईसीसी

ICC Test Team 2024: आईसीसी ने साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम के बाद अब सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम को चुना है। इस टीम में भारतीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को जगह मिली है। दिग्गज भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को इस टीम में जगह नहीं मिली है। जायसवाल को उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। 22 वर्षीय बल्लेबाज इस टीम में जगह पाने वाला भारत का सिर्फ दूसरा ही खिलाड़ी है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को नजरअंदाज कर यशस्वी को तरजीह दी गई है।

जायसवाल ने साल 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद उसका बल्ला जमकर गरजा और रन बरसाता चला गया। साल 2024 में भी अपने बल्ले की धाक जमाई और दोहरे शतक समेत जमकर रन बनाए। इस साल जायसवाल ने 15 टेस्ट मैचों में 1478 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका औसत 54.74 का रहा है। साथ ही इस खिलाड़ी के बल्ले से तीन शतक और नौ अर्धशतक निकले हैं।

बता दें कि, साल 2024 की शुरुआत में जब इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी तब जायसवाल का बल्ला जमकर चला था। उन्होंने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 700 से ज्यादा रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक दोहरा शतक भी जमाया था। हाल ही में खत्म हुए ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी उनका बल्ला जमकर चला। उन्होंने पर्थ टेस्ट मैच में अहम मौके पर शतक जमाया। इसके साथ ही इस बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में दो अर्धशतक भी लगाए।

अगर बात भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की जाए तो दोनों बल्लेबाजों का बल्ला टेस्ट सीरीज में खामोश रहा। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दोनों खिलाड़ी रनों के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए। आईसीसी ने साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट और वनडे टीमों में दोनों खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया है। हालांकि, रोहित शर्मा फॉर्म की तलाश में रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं।

आईसीसी ने जायसवाल के अलावा इस टीम में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्पिनर रवींद्र जडेजा को जगह दी है। बुमराह ने साल 2024 में कुल 71 विकेट अपने नाम किए। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने पांच टेस्ट मैचों में 31 विकेट झटके थे और इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। बुमराह ने इस दौरे पर बताया था कि वह किसी भी विकेट पर अपनी खूंखार गेंदबाजी से बल्लेबाजों काल बन सकते हैं।

इंग्लैंड के चार खिलाड़ी शामिल

क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने इस टीम की कमान कंगारू खिलाड़ी पैट कमिंस के हाथों में सौंपी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम से वह अकेले खिलाड़ी हैं। सबसे ज्यादा इंग्लैंड के खिलाड़ियों को इस टीम में जगह मिली है। दिग्गज बल्लेबाज जो रूट, युवा हैरी ब्रूक, बेन डकेट और विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ को इस टीम में जगह मिली है।

न्यूजीलैंड टीम से केन विलियमसन और मैट हेनरी को टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंका से कमिंडू मेंडिस को जगह मिली है। पाकिस्तान और टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने वाली दक्षिण अफ्रीका का एक भी खिलाड़ी इस टीम में नहीं है। हालांकि, वनडे टीम में पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों ने जगह बनाई थी।

आईसीसी की 2024 की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम….

पैट कमिंस (C), यशस्वी जायसवाल, बेन डेकट, केन विलियमसन, जो रूट, हैरी ब्रूक, कामिंडू मेंडिस, जैमी स्मिथ (WK), रवींद्र जडेजा, मैट हेनरी, जसप्रीत बुमराह।

youthexpress

I am a passionate writer. I draw my imagination with words. I can write on any given topic. Currently, I am working as a freelancer and author. A creative mind that wants to explore the whole world with the power of words, heart full of emotions, mind full of creative essence.

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

IND vs SA Head To Head in T20’S IPL 2022: STAT TRACKER