भारत में कोरोना वायरस की पकड़ प्रति दिन और भी मज़बूत होती दिखाई दे रही है। अब रोजाना हजारों की तादाद में संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हो रही है। ताज़ा आंकड़ों को देखें तो भारत में अब कुल 20 लाख के करीब कोरोना संक्रमण के मामले हैं। एक दिन में 904 मौतें भी कोरोना के कहर को साफ बयां करती हैं।
कोरोना पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तथ्य
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कथन अनुसार भारत में कोरोना वायरस के संक्रमित कुल मरीजों की संख्या अब 19,64,537 पहुंच गई है जिनमें से कुल सक्रिय मामले 5,95,501 हैं, हालांकि स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है जो अब तक 13,28,337 हो गई हैं तथा इस संक्रमण से अब तक 40,699 लोगों की जान भी जा चुकी है।
आइसीएमआर के आंकड़ों पर एक नज़र
मंगलवार को इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने बताया कि भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर जांच की संख्या 15,119 है। अब तक कुल 2,08,64,750 नमूनों की जांच की जा चुकी है। बलराम भार्गव के अनुसार कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अभी जितने नमूनों की जांच होती है, उनमें 25-30 प्रतिशत नमूनों की जांच रैपिड एंटीजन जांच (Rapid Antigen Test) पद्धति से की जाती है। भार्गव ने यह भी कहा कि रैपिड एंटीजन जांच में किसी के संक्रमित नहीं होने की सटीक पुष्टि करने की 99.3-100% तक अति उच्च विशिष्टता है परन्तु उनकी संवेदनशीलता 55-85% ही है।
मृतकों की संख्या
भारत में कोरोना से मौत के मामलों ने जो रफ्तार पकड़ी है उससे लगता हैं भारत बहुत जल्द ही यूके और मेक्सिको को पीछे छोड़ देगा। हालांकि मृत्यु दर के लिहाज़ से भारत में सुखद गिरावट दर्ज की गई है।
मृतकों की संख्या के लिहाज़ से भारत अभी दुनिया में पांचवें स्थान पर है वहीं यूएसए (USA) पहले स्थान पर काबिज़ है। एक दिन में 904 मौतों से अब भारत में कुल कोरोना संक्रमण से मृतकों की संख्या 40,699 पहुंच गई है। हैरान करनेवाली बात यह है कि देश में आधी मौतें यानी करीब 20 हजार मृतक पिछले 30 दिनों में ही बढ़े हैं।
भारत के विभिन्न राज्यों में कोरोना का कहर
भारत के विभिन्न क्षेत्रों व राज्यों में भी कोरोना की मार साफ नज़र आ रही है। जहां एक तरफ इस वायरस से महाराष्ट्र, दिल्ली व तमिलनाडु जैसे राज्य परेशान हैं वहीं सुविधाओं से वंचित राज्य जैसे नगालैंड, असम व अन्य भी संक्रमण से परेशानी झेल रहे हैं।
महाराष्ट्र अभी भी कोरोना वायरस मामलों की संख्या में सबसे ऊपर है। यहां अब तक 16,476 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अभी कुल 01,46,268 सक्रिय मामले है। हालांकि 03,05,521 लोग इस महामारी से ठीक भी हो चुके हैं। तमिलनाडु में भी कोरोना वायरस अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है जो कि राज्य के कुल 54,184 सक्रिय मामलों से साफ दिखाई देता है। राज्य में अब तक 04,461 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है वहीं, 02,14,815 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दिल्ली में संक्रमण के रफ्तार को देखें तो यहां अब महज़ 10,072 केस ही सक्रिय हैं, वहीं अब तक 4044 लोगों की मौत हुई है, जबकि 01,26,116 लोग पूर्णतः स्वस्थ हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस के कुल आकड़ें 1,04,388 है, जिनमें से सक्रिय मामले 41,973 है और इनमें से 60,558 मरीज़ अब तक ठीक हो चुके हैं जब कि 1857 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
अन्य खबरें पढ़ें सिर्फ यूथ एक्सप्रेस पर.