कोच रवि शास्त्री ने न्यूजीलैंड दौरे पर गई भारतीय टीम को भले ही 0-3 से वनडे सीरीज गवनी पड़ी लेकिन भारतीय टीम इसे लेकर अधिक चिंतित नहीं है और उसका फोकस अब आगामी टेस्ट सीरीज पर है। जी हां भारतीय कप्तान विराट कोहली के बाद अब भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी वनडे सीरीज में मिली जबरदस्त हार को लेकर कोई चिंता जाहिर नहीं की है।
क्या कहा कोच रवि शास्त्री ने
उन्होंने कहा कि ’50 ओवर क्रिकेट का फिलहाल अभी कोई औचित्य नहीं है। इस समय टी20 सीरीज मायने रखती है, जो हमने 5-0 से जीती है और आगामी टेस्ट सीरीज के मायने हैं, जिसके मैच वेलिंग्टन और क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे।’
पत्रकार के जवाब में दिया ये अहम जानकारी
वेलिंग्टन में एक पत्रकार के जबाव में शास्त्री ने कहा, ‘ हमें लॉर्ड्स (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल) में खेलने के लिए अभी 100 पॉइंट की और दरकार है। अगर हम 6 विदेशी टेस्ट में से 2 में जीत दर्ज करते हैं तो हम अच्छी स्थिति में रहेंगे। इस साल हम विदेशों में 6 टेस्ट खेलेंगे (2 न्यू जीलैंड में और 4 ऑस्ट्रेलिया में)। तो, हमारा यही लक्ष्य है कि हम नंबर 1 टेस्ट टीम की तरह यहां खेलें, क्योंकि हमारी टीम किसी और चीज से ज्यादा इस में भरोसा करती है और टेस्ट में हम इसी आधार पर खेल रहे हैं।’
शुभमन की तारीफ में बोले कोच रवि शास्त्री
शुभमन की तारीफ में शास्त्री ने कहा, ‘उनमें असाधारण प्रतिभा है। वह जब बैटिंग करते हैं तो उनका पॉजिटिव माइंडसेट साफ झलकता है। 20-21 साल के लड़के में यह देखकर अलग ही उत्साह महसूस होता है।’ उम्मीद की जा रही है कि इस टेस्ट सीरीज में चोटिल रोहित शर्मा के न होने से मयंक अग्रवाल के साथ पृथ्वी साव या शुभमन गिल को ओपनिंग का मौका मिल सकता है।
भारतीय खिलाडियों को चोटिल होने पर जाहिर की चिंता
कोच शास्त्री ने कहा कि चोट ने इस टीम पर बड़ा असर डाला है। शिखर धवन, हार्दिक पंड्या, भुवनेश्वर कुमार और इशांत शर्मा टीम में इसी वजह से नहीं हैं। लगातार क्रिकेट के दबाव ने भी इसमें भूमिका निभाई है। शास्त्री ने इस पर कहा, ‘हमारी कोर टीम के चार से पांच खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हैं। भुवी यहां की परिस्थितियों में बेहद उपयोगी हो सकते हैं। इसलिए मैंने कहा कि उपलब्ध विकल्प हमेशा टीम के फायदे में होते हैं।’