आईसीसी महिला टी 20 विश्व कप का विस्तृत कार्यक्रम जारी, पढ़े पूरी खबर

महिला विश्व कप

आईसीसी ने आगामी महिला टी-20 विश्व कप के अंतिम कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। थाईलैंड और बांग्लादेश के रविवार को टूर्नमेंट के लिए क्वॉलिफाइ करने के साथ ही इस वैश्विक फ्लैगशिप टूर्नमेंट में हिस्सा लेने वाले सभी देशों के नाम तय हो गए हैं। अन्तिम दस में बांग्लादेश और थाईलैंड ने क्वालीफाई किया है। थाईलैंड ने पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। आईसीसी ने विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी ट्विटर पर साझा की है।

टी-20 महिला विश्व कप में दो ग्रुप होंगे

बांग्लादेश की महिला टीम ने स्कॉटलैंड में आयोजित क्वॉलिफाइंग इवेंट में जीत हासिल की और अब वह विश्व कप के लिए ग्रुप-ए में रखी गई हैं। इस ग्रुप में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यू जीलैंड और श्रीलंका की टीमें हैं। दूसरी ओर, 12 साल पहले अपना पहला इंटरनैशनल मैच खेलने वाली थाइलैंड की टीम ने विश्व कप के लिए क्वॉलिफाइ करके इतिहास रच दिया।

इस टीम को ग्रुप-बी में इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और पाकिस्तान के साथ रखा गया है।

आईसीसी विश्व कप 2020 लोकल आर्गनाइजिंग कमिटी के सीईओ निक हाक्ले ने अपने बयान में कहा, ‘हम ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इस वैश्विक आयोजन में बांग्लादेश और थाइलैंड का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि सभी टीमों को ऑस्ट्रेलिया में भरपूर प्यार और समर्थन मिलेगा।’

थाइलैंड की टीम क्वॉलिफाइंग टूर्नमेंट के फाइनल में पहुंचने में सफल रही लेकिन उसे बांग्लादेश के हाथों 70 रनों से हार मिली। अब थाईलैंड टीम अपने पहले मैच में 22 फरवरी को वेस्ट इंडीज का सामना करेगी।

दूसरी ओर, बांग्लादेश टीम का सामना मौजूदा चैंपियन और मेजबान ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मैच 27 फरवरी को खेला जाएगा।

वेस्ट इंडीज में 2018 में आयोजित पिछले टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली टीमों में से शीर्ष-8 टीमों को अगले विश्व कप के लिए ऑटोमैटिक क्वॉलिफिकेशन मिला था।

टीम इंडिया का पहला मुकाबला मेजबान टीम से

जी हां टूर्नमेंट के पहले मैच में भारत का सामना 21 फरवरी को मेजबान ऑस्ट्रेलिया से होगा। वहीं टूर्नमेंट का फाइनल मेलबर्न में 8 मार्च को खेला जाएगा। खास बात यह है कि इसी दिन इंटरनैशनल विमेंस डे मनाया जाता है।

ऑस्ट्रेलिया में इसी वर्ष पुरुष विश्व कप भी

इसी साल ऑस्ट्रेलिया में पुरुष टी-20 विश्व कप भी खेला जाना है। जिसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी। यह टूर्नमेंट 18 अक्टूबर से 15 नवम्बर तक खेला जाएगा। इसमें भारत को अपना पहला मैच 24 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के साथ खेलना है और इसी दिन टूर्नमेंट के उद्घाटन मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना पाकिस्तान से होगा।

Sumit Shukla

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

IND vs SA Head To Head in T20’S IPL 2022: STAT TRACKER